April 20, 2026

News Chakra India

Never Compromise

चोर को घर में शराब तो मिल गई, मगर साथ में कुछ खाने को नहीं मिला, इससे नाराज हो दे गया नसीहत-‘दारू रखते हो तो चखना भी रखा करो’

चोर को घर में शराब तो मिल गई, मगर साथ में कुछ खाने को नहीं मिला, इससे नाराज हो दे गया नसीहत-‘दारू रखते हो तो चखना भी रखा करो’

एनसीआई@जैसलमेर

यहां की आईजीपीएन कॉलोनी के एक सरकारी क्वार्टर
में चोरी का अनोखा मामला सामने आया है। हुआ यूं कि शनिवार रात सरकारी इंजीनियर (एईएन) के घर में चोर घुसे। इन्होंने यहां लेपटॉप, टीवी, शर्ट, कोट आदि सामान चुराए। इसी के साथ उन्हें यहां महंगी शराब भी मिली तो जमकर पी ली। मगर उन्हें शराब के साथ खाने को अर्थात चखना के रूप में कुछ नहीं मिला‌। इसके बाद लौटते समय चोरों ने दीवार पर लिपस्टिक से लिखा, ‘थाने के चक्कर काटोगे तो वक्त बर्बाद होगा, बिहारी बाबू’ और कागज पर पेन से लिखा ‘दारू रखते हो तो आलू चिप्स चखना भी रखा करो।’ यह भी लिखा-‘रिपोर्ट मत करना, तुम मुझे भूल जाना, मैं तुम्हें भूल जाऊंगा।’ रविवार सुबह एईएन सोहन जांगिड़ घर लौटे तो ताला टूटा हुआ मिला। पूरा नजारा देख वह दंग रह गए।

चोर ने दीवार पर यह भी लिखा कि वह मकान मालिक का खाना खा चुका है और आनंद आया, लेकिन मजबूरी में पहली बार चोरी करनी पड़ी। जाते-जाते उसने ‘धन्यवाद’ भी लिखा। चोरी की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और फिंगर प्रिंट जुटाए। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई।

एईएन सोहन जांगिड़ ने बताया कि वे शहर से बाहर थे। लौटने पर इस चोरी की जानकारी हुई। उन्होंने चोरी किए गए सामान की सूची पुलिस को सौंप दी है। कोतवाली थाना के एसएचओ सुरजा राम ने बताया कि आईजीपीएन कॉलोनी में चोरी हुई है। चोर ने टीवी, लेपटॉप, शर्ट और कोट समेत कई कीमती सामान चुराए और दीवार तथा कागजों पर कई बातें लिख गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और उम्मीद है कि चोर जल्द ही पकड़ा जाएगा।

इस तरह के डायलॉग लिखे

चोर ने लिखा-

“ऐसे घर में दारू (शराब) रखोगे तो साथ में आलू की चिप्स जरूर रखना। ढूंढते रह जाओगे, लेकिन बिहारी बाबू न कभी मिला, न कभी मिलेगा। देख, मैं तो कोई भी दस्तावेज नहीं ले जा रहा हूं। वर्ना तू एक काम करेगा, क्या? अगर पुलिस में तुमने शिकायत की तो समझ लेना, तू मेरा बहुत बड़ा दुश्मन होगा। नहीं तो मैं तुम्हें भूल जाऊंगा, तू मुझे भूल जाना”

 

आगे लिखा- ‘आपकी सुंदर पेन से लिख रहा हूं, मैंने तुम्हारा अन्न खाया है, आनंद आया। मजबूरी ने पहली बार ऐसा काम करवाया है। जिंदा रहा तो एहसान नहीं भूलूंगा। धन्यवाद – बिहारी बाबू।’

चोर ने चुराए ये सामान

पीड़ित सोहन जांगिड़ से मिली जानकारी के अनुसार चोर ने ताला तोड़कर घर से 1 लेपटॉप, 1 टीवी, 2 परफ्यूम, 2 ब्रांड न्यू शर्ट, 1 जींस पेंट और 1 ब्लेजर चोरी कर लिया। इसके अलावा अभी घर में और तलाशी के बाद पता चलेगा कि क्या क्या सामान गायब है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.