जयपुर में नमाज के दौरान मस्जिद की दीवार गिरी, 15 नमाजी घायल, 6 की हालत गम्भीर
जयपुर की फिरदौस मस्जिद में शुक्रवार दोपहर बड़ा हादसा हो गया। यहां नमाज के दौरान अचानक दीवार गिर जाने से 15 लोग मलबे में दब गए। स्थानीय लोगों और पुलिस ने रेस्क्यू कर सभी को कांवटिया अस्पताल पहुंचाया, जहां से 6 गम्भीर घायलों को एसएमएस अस्पताल रेफर किया गया।
एनसीआई@जयपुर
भट्टा बस्ती इलाके में स्थित फिरदौस मस्जिद में शुक्रवार को नमाज के दौरान अचानक एक पुरानी दीवार भरभराकर गिर गई। इस हादसे के वक्त मस्जिद परिसर और आसपास काफी भीड़ थी। इसके चलते दीवार के मलबे के नीचे 15 युवक और महिलाएं दब गईं। इस हादसे से इलाके में चीख-पुकार मच गई और भारी अफरा-तफरी का माहौल पैदा हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसा दोपहर करीब ढाई बजे हुआ। उस समय बड़ी संख्या में अकीदतमंद नमाज अदा कर रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हम नमाज पढ़कर बाहर निकल ही रहे थे कि अचानक जोरदार आवाज हुई। कुछ बच्चे और महिलाएं दीवार के पास ही खड़े हुए थे। दीवार का आधा हिस्सा उन पर गिर गया। हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोग तुरंत मलबे को हटाने और लोगों को बाहर निकालने में जुट गए।

रेस्क्यू ऑपरेशन और घायलों की स्थिति
हादसे की सूचना मिलते ही भट्टा बस्ती थाना पुलिस बल मौके पर पहुंची और स्थानीय निवासियों की मदद से बचाव कार्य शुरू किया। मलबे के नीचे दबे सभी 15 लोगों को बाहर निकालकर तुरंत कांवटिया अस्पताल पहुंचाया गया।
एसएमएस अस्पताल रेफर किए गए ये गम्भीर घायल
कांवटिया अस्पताल के डॉक्टर्स ने बताया कि घायलों में से 6 लोगों की हालत बेहद नाजुक थी, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद तुरंत सवाई मानसिंह (एसएमएस) अस्पताल रेफर कर दिया गया। इन गम्भीर घायलों में रुस्तम, ईशान, खुर्शीद, सुहैल, इमाम जफर और इकबाल शामिल हैं।
कांवटिया अस्पताल के सुपरिटेंडेंट डॉ. आरएस तंवर ने जानकारी दी कि अस्पताल में 15 घायलों को लाया गया था। इनमें से 6 मरीजों को हेड इंजरी और मल्टीपल फ्रेक्चर के कारण एसएमएस रेफर किया गया है। एक अन्य घायल के सिर पर गहरे घाव थे, जिन्हें टांके लगाकर स्थिर किया गया। शेष 8 घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है।
जांच के घेरे में पुरानी इमारत
हादसे के बाद प्रशासन ने सुरक्षा के लिहाज से मस्जिद के क्षतिग्रस्त हिस्से को घेर लिया। स्थानीय लोगों का कहना है कि दीवार काफी पुरानी और जर्जर थी, जो नमाज के दौरान पैदा हुए दबाव या किसी अन्य कारण से ढह गई। पुलिस इस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।
