April 22, 2026

News Chakra India

Never Compromise

इमरजेंसी थियेटर में मरीज की चल रही थी सर्जरी, घुस आए बदमाश, स्वीपर और नर्सिंगकर्मियों से की मारपीट

इमरजेंसी थियेटर में मरीज की चल रही थी सर्जरी, घुस आए बदमाश, स्वीपर और नर्सिंगकर्मियों से की मारपीट

जोधपुर के एमजीएच अस्पताल के ऑपरेशन थिएटर में घुसकर स्वीपर और उसके साथियों ने नर्सिंगकर्मियों से मारपीट कर दी। इस घटना से अस्पताल में अफरा-तफरी मच गई और सुरक्षा व्यवस्था पर गम्भीर सवाल खड़े हो गए।

एनसीआई@जोधपुर

आपसी लेनदेन और नौकरी से हटाए जाने से नाराज एक स्वीपर ने अपने 3-4 साथियों के साथ महात्मा गांधी अस्पताल के इमरजेंसी ऑपरेशन थिएटर (ओटी) में घुस कर नर्सिंगकर्मियों से मारपीट कर दी। आरोपी की रंजिश उसकी जगह नियुक्त किए गए एक अन्य स्वीपर से थी। इसे लेकर दोनों के बीच पहले भी ओटी के बाहर झगड़ा हुआ था। 20 अप्रेल की रात ओटी में अचानक हुए इस घटनाक्रम से अफरा-तफरी मच गई। चिकित्सकों और नर्सिंगकर्मियों की सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। नर्सिंग एसोसिएशन ने इस पर नाराजगी जताई है।

पुलिस के अनुसार चांदपोल निवासी मोंटू पुत्र उमरचंद ने रिपोर्ट दी है कि वह एमजीएच में संविदा पर स्वीपर के पद पर कार्यरत है। 20 अप्रेल की रात वह इमरजेंसी ऑर्थोपेडिक ऑपरेशन थिएटर में ड्यूटी पर था। उस समय डॉक्टरों की टीम एक मरीज की सर्जरी कर रही थी। इसी दौरान सन्नी अपने 3-4 साथियों के साथ सीधे ऑपरेशन थिएटर में घुस आया और ड्यूटी पर तैनात नर्सिंगकर्मियों से मारपीट करने लगा। आरोप है कि उसने मोंटू को जान से मारने की धमकी भी दी।

शिकायतों के कारण ठेकेदार ने हटाया था

आरोपी सन्नी भी अस्पताल में ठेके पर स्वीपर के रूप में कार्यरत था। ड्यूटी से जुड़ी शिकायतों के चलते ठेकेदार ने उसे हटाकर उसकी जगह मोंटू को लगा दिया था। इसी बात को लेकर सन्नी नाराज था। दोनों के बीच पहले भी विवाद हो चुका था। ओटी में घुसने से पहले भी दोनों के बीच कहासुनी और झगड़ा हुआ था। इसके बाद आरोपियों ने ऑपरेशन थिएटर में घुसकर मोंटू से मारपीट की। बीच-बचाव करने पहुंचे नर्सिंगकर्मियों को भी नहीं बख्शा और उनसै भी मारपीट कर डाली। सर्जरी कर रहे चिकित्सक भी इस घटना से स्तब्ध रह गए। सुरक्षाकर्मियों को बुलाया गया, लेकिन आरोपी घटना को अंजाम दे तुरंत फरार हो गए थे। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

नर्सिंगकर्मियों में आक्रोश

ऑपरेशन थिएटर जैसे अत्यंत संवेदनशील क्षेत्र में इस तरह की घटना से नर्सिंगकर्मियों में भारी आक्रोश है। नर्सिंग एसोसिएशन के पूर्व जिलाध्यक्ष जगदीश जाट सहित अन्य नर्सिंगकर्मियों ने अस्पताल में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। सरदारपुरा थाना प्रभारी जयकिशन ने बताया कि स्वीपर की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर लिया गया है। जांच एएसआई रमेश विश्नोई को सौंपी गई है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.