खेलते-खेलते कुएं में गिरा 3 साल का मासूम, बचाने के लिए मां भी कूदी, दोनों की मौत, सुबह ही पीहर से आई थी
एनसीआई@करौली
करौली जिले के हिंडौनसिटी में 40 फीट गहरे कुएं में गिरने से मां-बेटे की मौत हो गई। बेटा खेलते-खेलते घर के पीछे खेत में बने कुएं में गिर गया था। बच्चे के पानी में गिरने की आवाज सुनकर उसे ढूंढ रही मां भी वहां पहुंची। बच्चे को कुएं में देख वह भी कूद गई। घटना में दोनों की मौत हो गई। नई मंडी थाना क्षेत्र के जगदीशपुरा गांव में आज रविवार अपराह्न 3 बजे करीब यह हादसा हुआ। इस घटना से घर की महिलाओं का रो-रोकर बुरा हाल है।
पीहर से सुबह ही ससुराल आई थी विवाहिता
नई मंडी थाना प्रभारी नरेश पोसवाल ने बताया-घटना में जगदीशपुरा गांव निवासी खुशबू जाटव (22) और उसके तीन वर्षीय बेटे वंश की मौत हुई है। पूछताछ में पति सूरज ने बताया- खुशबू रविवार सुबह साढ़े आठ बजे करीब ही अपने पीहर जटवाड़ा से वापस ससुराल लौटी थी। वहीं, वह मजदूरी करने गया हुआ था। दोपहर में उसे खुशबू और वंश की कुएं में डूबने से मौत हो जाने की सूचना मिली।
सूरज के अनुसार, एक ग्रामीण ने खुशबु को कुएं में कूदता देख शोर मचाया। इसके बाद कुछ ग्रामीण वहां पहुंचे और दोनों को कुएं से बाहर निकाला। मगर तब तक दोनों की मौत हो चुकी थी। खुशबू के चाचा भरतलाल ने पुलिस को मामले की रिपोर्ट दी।
सोमवार को होगा पोस्टमॉर्टम
थाना प्रभारी ने बताया-दोनों शवों को लाने की सूचना के बाद पुलिस अस्पताल पहुंची। मृतका के पीहर पक्ष से चाचा भरत लाल सहित कई लोग भी अस्पताल में मौजूद थे। चाचा भरत लाल ने इस सम्बंध में रिपोर्ट दर्ज कराई है। शवों का सोमवार को पोस्टमॉर्टम कराया जाएगा।
भरत लाल ने बताया कि खुशबू के माता-पिता का निधन काफी वर्ष पहले हो चुका था। करीब चार वर्ष पूर्व उन्होंने ही खुशबू की शादी सूरज जाटव से कराई थी। खुशबू कुछ दिन पहले पीहर जटवाड़ा आई थी। आज रविवार सुबह ही उसे ससुराल जगदीशपुरा भेजा था। अपराह्न करीब 3 बजे उन्हें खुशबू और वंश के कुएं में डूब जाने से मौत हो जाने की सूचना मिली।
