May 2, 2026

News Chakra India

Never Compromise

30 वर्षीय जज का बाथरूम में लटका मिला शव, जीजा ने पुलिस को फोन कर आत्महत्या करने की दी थी सूचना

30 वर्षीय जज का बाथरूम में लटका मिला शव, जीजा ने पुलिस को फोन कर आत्महत्या करने की दी थी सूचना

एनसीआई@नई दिल्ली

देश की राजधानी दिल्ली के पॉश सफदरजंग इलाके से एक बेहद सनसनीखेज और झकझोर देने वाली खबर सामने आई है। यहां कड़कड़डूमा कोर्ट (DLSA) में नियुक्त 30 वर्षीय जज अमन कुमार शर्मा का शव घर के बाथरूम में लटका हुआ मिला। इस हाई प्रोफाइल घटना से पूरे इलाके और न्यायिक महकमे में भारी हड़कम्प मच गया। जानकारी मिलते ही दिल्ली पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की गहन जांच शुरू की। कड़कड़डूमा कोर्ट के कई वकील भी मौके पर पहुंचे।

दिल्ली पुलिस से मिली प्रारम्भिक जानकारी के अनुसार अमन कुमार शर्मा अभी दिल्ली विधिक सेवा प्राधिकरण (DLSA) के तहत कड़कड़डूमा कोर्ट में नियुक्त थे। पुलिस के मुताबिक, अमन का शव उनके ही घर के बाथरूम में फंदे से लटकता हुआ पाया गया।

जीजा ने पुलिस को फोन कर दी थी सूचना

इस घटना का खुलासा तब हुआ, जब जज अमन कुमार के जीजा ने उन्हें बाथरूम में फंदे से झूलता हुआ देखा। दिल्ली पुलिस को दोपहर करीब 1 बजकर 45 मिनट पर एक कॉल आई। फोन करने वाले शख्स (जज अमन कुमार के जीजा) ने पुलिस से कहा कि, ‘मेरे भाई ने घर के बाथरूम में सुसाइड कर लिया है।’ पुलिस के अनुसार, घटना की सूचना डिफेंस कॉलोनी में रहने वाले मृतक के जीजा शिवम ने दी थी। प्रारम्भिक जांच में इस घटना में किसी तरह की साजिश के संकेत नहीं मिले हैं।

डॉक्टरों ने किया मृत घोषित

सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। बाथरूम में फंदे पर लटके मिले जज अमन कुमार शर्मा को उतारकर नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। अस्पताल में जांच के बाद डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घर पर पहुंचे वकील व परिचित

जज अमन कुमार के आत्महत्या की खबर फैलते ही कड़कड़डूमा कोर्ट से जुड़े कई वकील और उनके परिचित मौके पर पहुंचे। इधर, दिल्ली पुलिस ने मामले को गम्भीरता से लेते हुए गहन जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आखिर ऐसी क्या वजह थी, जिसने एक युवा जज को ऐसा कदम उठाने पर मजबूर कर दिया। जज का फिलहाल सुसाइड नोट मिलने की जानकारी नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.