May 1, 2026

News Chakra India

Never Compromise

बूंदी में भी जनगणना, 2027 की हुई शुरुआत: महज 3-4 मिनट में घर बैठे दर्ज करें अपना विवरण, जिला कलक्टर और एसपी ने स्‍व-गणना सुविधा से ऐसा ही किया

बूंदी में भी जनगणना, 2027 की हुई शुरुआत: महज 3-4 मिनट में घर बैठे दर्ज करें अपना विवरण, जिला कलक्टर और एसपी ने स्‍व-गणना सुविधा से ऐसा ही किया

एनसीआई@बूंदी

देशभर में ‘जनगणना-2027’ की प्रक्रिया शुक्रवार से विधिवत रूप से शुरू हो गई। इस राष्ट्रीय महाभियान को गति देने और आमजन को डिजिटल तकनीक के प्रति जागरूक करने के लिए जिला कलक्‍टर व पुलिस अधीक्षक ने खुद मिसाल पेश की। जिला कलक्टर हरफूल सिंह यादव और जिला पुलिस अधीक्षक अवनीश कुमार शर्मा ने शुक्रवार को जनगणना पोर्टल की ‘स्व-गणना’ सुविधा का इस्तेमाल करते हुए अपने आईपैड और मोबाइल के जरिए अपना  विवरण दर्ज करवाया।

जिला कलक्टर यादव ने स्व-गणना प्रपत्र भरने के बाद जिलेवासियों से इस महाभियान में बढ़-चढ़कर अपना योगदान देने की अपील की। उन्होंने बताया कि यह प्रक्रिया बेहद सरल है और इसे पूरा करने में मात्र 3 से 4 मिनट का ही समय लगता है। आगामी 16 मई से प्रगणक घर-घर आकर आंकड़े जुटाएंगे, लेकिन उससे पहले आमजन स्व-गणना पोर्टल के जरिए खुद अपना प्रपत्र भर सकते हैं। यादव ने कहा कि नागरिकों द्वारा दी गई सही जानकारी ही भारत की भावी विकास नीतियों को बनाने और उनके सटीक क्रियान्वयन का आधार बनेगी। उन्होंने जिलेवासियों से विशेष आग्रह किया कि वे वेबसाइट पर जाकर अपना विवरण अर्ज करने के साथ ही आस-पड़ोस के लोगों का भी मार्गदर्शन करें।

पूरी तरह सुरक्षित और सुविधाजनक है पोर्टल     

जिला पुलिस अधीक्षक अवनीश कुमार शर्मा ने भी पोर्टल पर अपना विवरण दर्ज करने के बाद नागरिकों का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि 1 मई से जनगणना 2027 की प्रक्रिया रफ्तार पकड़ चुकी है। उन्‍होंने कहा कि स्व-गणना पोर्टल आमजन के लिए पूरी तरह से सुरक्षित और सुविधाजनक है। जिलेवासी अधिक से अधिक संख्या में इस डिजिटल सुविधा का लाभ उठाएं, अपनी सही जानकारी दर्ज करें और इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य में अपनी जिम्मेदारी निभाएं।

ऐसे दर्ज करें स्व-गणना सुविधा से अपना विवरण

स्व-गणना एक ऐसी डिजिटल सुविधा है, जिसके तहत नागरिक प्रगणक के घर आने से पहले ही इंटरनेट के माध्यम से अपनी जानकारी सरकार तक पहुंचा सकते हैं। इसके लिए जनगणना की आधिकारिक वेबसाइट https://se.census.gov.in पर जाना होगा। वहां अपने मोबाइल नम्बर के जरिए लॉग-इन कर एक आसान सा प्रपत्र (फॉर्म) भरना होगा। यह सुविधा समय की बचत करने के साथ-साथ आंकड़ों की सटीकता को भी बढ़ाती है। जिला प्रशासन ने जिलेवासियों से अपील की है कि 16 मई को प्रगणकों का डोर-टू-डोर अभियान शुरू होने से पहले ज्यादा से ज्यादा लोग इस ऑनलाइन सुविधा का लाभ उठाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.