एनसीआई@कोटा
भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय द्वारा मेरा युवा भारत (माय भारत) पोर्टल के माध्यम से विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग (वीबीवायएलडी) 2027 का आयोजन किया जा रहा है। इस कार्यक्रम का उद्देश्य देश के युवाओं के नवाचार, रचनात्मक विचारों एवं सुझावों को सामने लाना तथा विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित करना है।

कार्यक्रम के विभिन्न चरणों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले चयनित युवाओं को राष्ट्रीय स्तर पर अपने विचार प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा। अंतिम रूप से चयनित युवाओं को प्रधानमंत्री के समक्ष अपने विचार एवं विजन प्रस्तुत करने का अवसर भी प्राप्त होगा।
माय भारत पोर्टल पर विकसित भारत क्विज से शुरुआत
उप निदेशक, मेरा युवा भारत, कोटा सचिन पाटोदिया ने बताया कि विकसित भारत चैलेंज ट्रेक के प्रथम चरण के रूप में विकसित भारत क्विज का आयोजन 17 अगस्त से 30 सितम्बर 2026 तक माय भारत पोर्टल पर किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवा डिजिटल माध्यम से इस क्विज में भाग ले सकते हैं। अधिकतम 4 लाख प्रतिभागियों में से शीर्ष 10 प्रतिशत प्रतिभागी अगले चरण ‘विकसित भारत निबंध चुनौती’ के लिए अर्हता प्राप्त करेंगे। चयनित प्रतिभागियों को माय भारत पोर्टल के माध्यम से निर्धारित ‘विकसित भारत’ के 10 विषयों में से सम्बंधित विषय पर 500 शब्दों का निबंध प्रस्तुत करना होगा।
राष्ट्रीय स्तर पर प्रधानमंत्री के समक्ष विचार प्रस्तुत करने का अवसर
राज्य एवं केन्द्र शासित प्रदेश स्तर पर चयनित टीमें राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भाग लेंगी। विकसित भारत चैलेंज के तहत क्षेत्रीय टीमें अपने विचार सम्बंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों, सचिवों एवं केन्द्रीय मंत्रियों के समक्ष प्रस्तुत करेंगी। इनमें से चयनित क्षेत्रीय फाइनलिस्टों को प्रधानमंत्री के समक्ष अपने विचार प्रस्तुत करने का विशेष अवसर प्राप्त होगा।

महत्वपूर्ण तिथियां
• विकसित भारत क्विज का आयोजन 17 अगस्त एवं 30 सितम्बर 2026 तक
• विकसित भारत निबंध चुनौती 5 से 19 अक्टूबर 2026
• जिला चेम्पियनशिप 10 से 16 नवम्बर 2026
• राज्य/केन्द्र शासित प्रदेश वीबीवायएलडी 17 नवम्बर से 7 दिसम्बर 2026
• राष्ट्रीय वीबीवायएलडी, नई दिल्ली में 10 से 12 जनवरी 2027 तक
10 से 16 नवम्बर 2026 तक आयोजित होने वाली जिला स्तरीय प्रतियोगिता में प्रत्येक जिले से शीर्ष 50 निबंधों का चयन पीपीटी राउंड के लिए किया जाएगा। इनमें से प्रत्येक जिले के शीर्ष दो प्रस्तुतकर्ता राज्य स्तरीय वीबीवायएलडी प्रतियोगिता के लिए अर्हता प्राप्त करेंगे। उप निदेशक सचिन पाटोदिया ने कोटा जिले के सभी पात्र युवाओं से आह्वान किया है कि वे इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय पहल से जुड़ें, विकसित भारत क्विज़ में भाग लें और अपने ज्ञान, नवाचार एवं विचारों के माध्यम से विकसित भारत के निर्माण में योगदान दें।
