एनसीआई@बूंदी
नगरीय निकाय चुनाव-2026 के द्वितीय चरण के तहत शुक्रवार, 11 सितम्बर को नैनवां नगर पालिका क्षेत्र में मतदान को लेकर मतदाताओं में भारी उत्साह देखने को मिला। नैनवां के एक मतदान केन्द्र पर लोकतंत्र की खूबसूरत तस्वीर भी देखने को मिली। जब एक ही परिवार की तीन पीढ़ियों ने एक साथ मतदान कर अपनी नागरिक जिम्मेदारी निभाई और समाज के सामने जागरुकता की एक शानदार मिसाल पेश की।

नैनवां स्थित राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय, मतदान केन्द्र संख्या 7 में छोटू लाल गोयल का परिवार एक साथ वोट डालने पहुंचा। लोकतंत्र के प्रति अपनी गहरी आस्था जताते हुए परिवार के सभी आठ सदस्यों ने एक साथ अपने मताधिकार का प्रयोग किया और नई शहरी सरकार चुनने में अपना योगदान दिया। मतदान के बाद मतदान केन्द्र के बाहर पूरे परिवार ने एक साथ अपनी स्याही लगी उंगली दिखाते हुए खुशी जाहिर की। इसी तरह हिंडोली के एक मतदान केन्द्र पर रेखा बाई ने अपने पति ओमप्रकाश के साथ पहुंचकर मतदान किया। खुशबू सोनी, रामेश्वर सोनी, छन्ना देवी, सुमित ने सपरिवार मतदान केन्द्र पर पहुंचकर मतदान में हिस्सा लिया।

