एनसीआई@कोटा
दिल्ली-मुम्बई एक्सप्रेसवे पर शनिवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। दिल्ली से मुम्बई जा रही एक पैसेंजर बस कोटा जिले में कराड़िया के पास 15 फीट गहरे नाले में गिर गई। इस हादसे में आठ यात्रियों की मौत हो गई, वहीं 17 लोग गम्भीर घायल हैं।
जिला कलेक्टर पीयूष सामरिया ने बताया कि, ‘अब तक 8 लोगों को मृत अवस्था में लाया गया है। सभी गम्भीर मरीजों को ICU में शिफ्ट कर दिया गया है। वहां उनका इलाज जारी है।’

यह है मामला
एक मिनी बस (टेम्पो ट्रेवलर) मध्यप्रदेश से खाटूश्यामजी जा रही थी। इसमें 25 से अधिक श्रद्धालु सवार थे। यह राजस्थान के कोटा जिले में कराडिया के पास अनियंत्रित होकर नाले में गिर गई।
जानकारी के मुताबिक, श्रद्धालु बैतूल जिले के मुलताई थाना क्षेत्र के ग्राम घाट बिरोली और अन्य जगह के बताए जा रहे हैं। यह हादसा सुबह करीब 6 बजे एक्सप्रेसवे पर पोल नम्बर 384 के पास, सिमलिया पुलिस थाना क्षेत्र में हुआ।

क्रेन की मदद से नाले से बाहर निकाली गई बस
सिमलिया थाना प्रभारी एसएचओ नंद सिंह के अनुसार, टेम्पो ट्रेवलर भोपाल से खाटूश्यामजी (राजस्थान) की ओर जा रही थी। रास्ते में बस कराड़िया टोल प्लाजा के पास अनियंत्रित होकर पुलिया से करीब 15 फीट नीचे गहरे नाले में जा गिरी। सुबह तड़के अंधेरा होने के कारण शुरुआत में रेस्क्यू कार्य में कुछ दिक्कतें आईं।
इस हादसे की जानकारी मिलते ही आपातकालीन कर्मियों ने तुरंत बचाव अभियान शुरू किया। नाले में जमा गाद और पानी के कारण बचाव कर्मियों को लोगों को निकालने में काफी मुश्किल हुई। क्षतिग्रस्त वाहन को बाहर निकालने और उसमें फंसे यात्रियों को बचाने के लिए क्रेन का इस्तेमाल किया गया।

नींद का झोंका आने से हुआ हादसा
सिमलिया थाना प्रभारी सिंह ने बताया कि घायलों को एम्बुलेंस से न्यू मेडिकल कॉलेज अस्पताल और एमबीएस अस्पताल सहित नजदीकी चिकित्सा केन्द्रों में ले जाया गया है। जानकारी के मुताबिक, बस चलाते समय नींद का झोंका आ जाने से ड्राइवर ने अपना नियंत्रण खो दिया था। इसी कारण यह हादसा हुआ। घायलों की पहचान के प्रयास किए जा रहे थे।

सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासन मौके पर पहुंचा। घायलों को क्रेन की मदद से बाहर निकालकर कोटा के एमबीएस अस्पताल (MBS Hospital) और न्यू मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जिला कलेक्टर पीयूष सामरिया ने अस्पताल पहुंचकर घायलों का जायजा लिया।
