एनसीआई@जयपुर
बगरू थाना क्षेत्र में जयपुर-अजमेर नेशनल हाईवे पर शुक्रवार देर रात करीब पौने दो बजे ट्रेलर-ट्रेवलर की भिड़ंत में ट्रेवलर सवार 3 लोगों की मौत हो गई। वहीं करीब 20 अन्य यात्री घायल हैं। इनमें से एक यात्री की हालत गम्भीर है। मृतकों में महेन्द्र, संदीप न दीपक शामिल हैं।

बगरू थाने एसएचओ चंद्रभान के अनुसार, यह हादसा रात करीब 1.50 बजे हुआ। ट्रेवलर में महाराष्ट्र के नासिक निवासी 28 श्रद्धालु सवार थे। जयपुर से चित्तौड़गढ़ जिले में स्थित सांवलिया सेठ दर्शन करने जा रहे थे।
बगरू पुलिया से उतरते समय बस आग चल रहे ट्रेलर में घुस गई। हादसे में तीन जनों की मौके पर ही मौत हो गई। घायलों को जयपुर के सवाई मानसिंह हॉस्पिटल (SMS) में भर्ती कराया गया है। घायलों का आरोप है कि ट्रेवलर ड्राइवर नशे में था।

ड्राइवर की जिद के कारण हुआ हादसा
एक घायल श्रद्धालु प्रवीण ने बताया कि, उनकी गाड़ी रात करीब साढ़े दस बजे जयपुर से रवाना हुई थी। रात हो जाने के कारण लोगों ने ड्राइवर से इस समय नहीं चलने को कहा था, लेकिन वो नहीं माना। उसने शराब भी पी रखी थी। बगरू पुलिया से उतरते समय बस अनियंत्रित होकर आगे चल रहे ट्रेलर से टकरा गई। इस हादसे में ट्रेवलर में आगे बैठीं करीब 20 सवारियां बुरी तरह घायल हो गईं। इनमें से एक की हालत गम्भीर है। इस हादसे के कारण मौके पर थोड़ी देर के लिए जाम लग गया था।
