बालिकाओं के पांच मौलिक अधिकारों पर आधारित प्रतियोगिता में बूंदी की सुहाना हाड़ा और राकेश कुमार मीणा ने हासिल किया प्रथम स्थान
एनसीआई@बूंदी
अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस 2026 के अवसर पर उमंग संस्थान की ओर से आयोजित ‘इनोवेटिव टच : बालिकाओं के 5 मौलिक अधिकार’ विषयक एआई-जनरेटेड डिजिटल आर्ट एवं इंफोग्राफिक प्रतियोगिता के परिणाम घोषित किए गए।
प्रतियोगिता की संयोजक अनुराधा जैन ने बताया कि इसमें 4 राज्यों के 54 प्रतिभागियों ने भाग लेकर अपनी रचनात्मकता, तकनीकी दक्षता और बालिका अधिकारों के प्रति जागरुकता का परिचय देते हुए प्रतियोगिता को व्यापक मंच प्रदान किया। इस पहल ने यह संदेश दिया कि एआई आधारित डिजिटल कला केवल तकनीकी कौशल का माध्यम नहीं, बल्कि सामाजिक बदलाव, अधिकारों की समझ और जनजागरुकता को प्रभावी रूप से प्रस्तुत करने का सशक्त माध्यम भी है।
बालिका सशक्तिकरण में एआई और डिजिटल आर्ट की भूमिका
उमंग संस्थान की अध्यक्ष डॉ. सविता लौरी ने कहा कि आज के डिजिटल युग में कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) और डिजिटल आर्ट जैसे आधुनिक माध्यमों का उपयोग सामाजिक संदेशों को जन-जन तक पहुंचाने में बेहद कारगर है। इन्होंने कहा कि रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से बालिकाओं के अधिकारों जैसे महत्वपूर्ण सामाजिक विषयों को व्यापक स्तर पर प्रस्तुत करने का अवसर मिलता है।
सीनियर वर्ग में राकेश कुमार मीणा तथा जूनियर वर्ग में सुहाना हाड़ा रही अव्वल
प्रतियोगिता की प्रभारी वरिंदर कौर सरना ने बताया कि इसके सीनियर वर्ग में बूंदी के राकेश कुमार मीणा ने प्रथम, सवाई माधोपुर की हर्षिता प्रजापति ने द्वितीय तथा साउथ दिल्ली के शैलेन्द्र कुमार ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
इसी प्रकार जूनियर वर्ग में बूंदी की सुहाना हाड़ा ने प्रथम, बूंदी के अनय जैन ने द्वितीय तथा चित्तौड़गढ़ की अनिका माहेश्वरी ने तृतीय स्थान हासिल किया।
विशेषज्ञ निर्णायकों ने किया मूल्यांकन
प्रतियोगिता निर्णायक मंडल में सेवानिवृत्त एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. मणी भारतीय, असिस्टेंट प्रोफेसर आशीष शृंगी तथा असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. सतीश शर्मा शामिल रहे। इन्होंने प्रतिभागियों की रचनात्मक मौलिकता, विषय की समझ, डिजिटल प्रस्तुति और संदेश की प्रभावशीलता जैसे पहलुओं के आधार पर प्रविष्टियों का मूल्यांकन किया।
प्रतियोगिता संयोजक अनुराधा जैन व प्रभारी वरिंदर कौर सरना ने 4 राज्यों से मिली उत्साहजनक भागीदारी पर सभी प्रतिभागियों एवं निर्णायक मंडल का आभार व्यक्त जताया। इस दौरान उपाध्यक्ष लोकेश जैन, समन्वयक कृष्ण कांत राठौर, कुश जिंदल, गुरमीत सिंह, पुरुषोत्तम दाधीच, आतिश वर्मा, जम्बू कुमार जैन, सुरेंद्र छाबड़ा, जया जैन तथा संगीता जैन, महावीर सोनी भी मौजूद रहे।
