स्टाफ की उपस्थिति, साफ-सफाई, दवा उपलब्धता और विभागीय योजनाओं की समीक्षा कर दिए आवश्यक निर्देश
एनसीआई@बूंदी
जिला कलेक्टर हरफूल सिंह यादव के निर्देश पर जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने तथा चिकित्सा संस्थानों की व्यवस्थाओं में सुधार सुनिश्चित करने के लिए नियमित आकस्मिक निरीक्षण किए जा रहे हैं। इसी क्रम में शुक्रवार को सीएमएचओ डॉ. ओपी सामर ने सीएचसी जजावर का आकस्मिक निरीक्षण कर चिकित्सा व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान सीएमएचओ डॉ. सामर ने अस्पताल में उपचार के लिए आए रोगियों और उनके परिजनों को आयुष्मान भारत डिजिटल हेल्थ मिशन के तहत आभा आईडी बनवाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने क्यूआर कोड स्केन कर ऑनलाइन ओपीडी पर्ची बनवाने की प्रक्रिया की जानकारी देते हुए बताया कि इससे पर्ची कटवाने के लिए लगने वाली कतारों से राहत मिल सकती है। उन्होंने स्वयं भी क्यूआर कोड स्केन कर पर्ची बनवाई और प्रक्रिया को समझाया, ताकि मरीज डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं का अधिकाधिक लाभ उठा सकें।
इन व्यवस्थाओं को जांचा
सीएमएचओ ने निरीक्षण के दौरान स्टाफ की उपस्थिति, साफ-सफाई, बायोमेडिकल वेस्ट प्रबंधन, शौचालयों, लेबर रूम, दवाइयों की उपलब्धता तथा जांच योजनाओं की स्थिति का जायजा लिया। साथ ही विभिन्न विभागीय कार्यक्रमों की बिंदुवार प्रगति की समीक्षा की।

डॉ. सामर ने सीएचसी प्रभारी को निर्देश दिए कि क्षेत्र की गर्भवती महिलाओं को समय पर गुणवत्तापूर्ण एवं पूर्ण उपचार उपलब्ध कराया जाए। इसके साथ ही पात्र किशोरी बालिकाओं का एचपीवी टीकाकरण सुनिश्चित करने, स्टाफ को निर्धारित यूनिफॉर्म एवं आईडी कार्ड के साथ ड्यूटी करने तथा निरीक्षण में सामने आई कमियों को दो दिनों के भीतर सुधारने के निर्देश दिए।
जारी रहेंगे आकस्मिक निरीक्षण
सीएमएचओ डॉ. सामर ने कहा कि जिला कलेक्टर हरफूल सिंह यादव के निर्देशन में नियमित आकस्मिक निरीक्षण आगे भी जारी रहेंगे। इनका उद्देश्य स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार, व्यवस्थाओं को मजबूत बनाना तथा आमजन को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
