एनसीआई@बूंदी
पंचायतीराज आम चुनाव 2026 के तृतीय चरण के तहत तालेडा पंचायत समिति में जिला परिषद् एवं पंचायत समिति सदस्य पदों के लिए मंगलवार को मतदान हुआ। यह कुल 71.74 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।
इस दौरान कुल 1 लाख 22 हजार 402 मतदाताओं में से 87 हजार 813 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) हरफूल सिंह यादव ने बताया कि तालेड़ा पंचायत समिति क्षेत्र में 71.74 प्रतिशत मतदान हुआ। तालेड़ा पंचायत समिति क्षेत्र के बूथ संख्या 103 पर सर्वाधिक 92.20 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। वहीं, सबसे कम मतदान बूथ संख्या 93 पर 36.25 प्रतिशत दर्ज किया गया।

जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) हरफूल सिंह यादव ने बताया कि मतदान के समयवार आंकड़ों के अनुसार सुबह 10 बजे तक 17.29 प्रतिशत, दोपहर 12 बजे तक 30.60 प्रतिशत, दोपहर एक बजे तक 31.96 प्रतिशत तथा अपराह्न 3 बजे तक 53.11 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि तृतीय चरण में पंचायत समिति तालेड़ा के 25 पंचायत समिति सदस्यों के निर्वाचन के लिए तथा 5 जिला परिषद सदस्यों के निर्वाचन के लिए कुल 143 मतदान केन्द्र बनाए गए थे।
पारम्परिक वेशभूषा में वोट डालने पहुंचीं महिलाएं
जिले की तालेड़ा पंचायत समिति में जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के निर्वाचन के लिए हुए मतदान में महिलाओं में उत्साह देखने को मिला। मतदान में आधी आबादी यानी महिलाओं ने लोकतंत्र के इस महापर्व में बढ़-चढ़कर अपनी भागीदारी निभाई। जाखमुंड गांव के एक मतदान केन्द्र पर ग्रामीण संस्कृति और लोकतंत्र की खूबसूरत तस्वीर नजर आई। यहां बड़ी संख्या में महिलाएं अपनी पारंपरिक राजस्थानी वेशभूषा पहनकर मतदान करने पहुंचीं।

ग्रीन व क्लीन बूथ बने आकर्षण का केन्द्र
मतदान केन्द्रों पर मतदाताओं की सुविधा के लिए छाया और पेयजल की समुचित व्यवस्था की गई थी। इसके अलावा, चुनाव में नवाचार करते हुए तालेड़ा व डाबी में ‘ग्रीन व क्लीन बूथ’ स्थापित किए गए। इन आदर्श बूथों के माध्यम से मतदाताओं को मतदान के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता का विशेष संदेश दिया गया।
