एनसीआई@बूंदी
जिला परिषद बून्दी के जिला प्रमुख और उप जिला प्रमुख के चुनाव के लिए रिटर्निंग अधिकारी (जिला कलेक्टर) ने आधिकारिक बैठक नोटिस जारी कर दिया है। राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशों तथा राजस्थान पंचायती राज अधिनियम, 1994 व निर्वाचन नियम, 1994 के तहत निर्वाचन प्रक्रिया कलेक्ट्रेट परिसर स्थित जिला परिषद भवन में सम्पन्न कराई जाएगी। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार जिला प्रमुख का चुनाव 25 नवम्बर को और उप जिला प्रमुख का चुनाव 26 नवम्बर को होगा।
यह रहेगा निर्वाचन कार्यक्रम
जिला प्रमुख पद के निर्वाचन के लिए 25 नवम्बर को पूर्वाह्न 10 बजे बैठक शुरू होगी। पूर्वाह्न 11 बजे तक नामांकन दाखिल किए जा सकेंगे। इसके बाद पूर्वाह्न 11.30 बजे से नामांकन पत्रों की संवीक्षा की जाएगी। नाम वापसी के लिए दोपहर 1 बजे तक का समय निर्धारित किया गया है। नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के तुरंत बाद चुनाव लड़ने वाले अभ्यर्थियों की सूची तैयार कर चुनाव चिह्न आवंटित किए जाएंगे। यदि मतदान आवश्यक हुआ तो अपराह्न 3 बजे से शाम 5 बजे के बीच कराया जाएगा। मतदान समाप्ति के तुरंत पश्चात मतगणना एवं परिणाम की घोषणा की जाएगी।
उप जिला प्रमुख पद के निर्वाचन के लिए 26 नवम्बर को पूर्वाह्न 10 बजे बैठक शुरू होगी। पूर्वाह्न 11 बजे तक नामांकन दाखिल किए जा सकेंगे। इसके बाद पूर्वाह्न 11.30 बजे से नामांकन पत्रों की संवीक्षा की जाएगी। नाम वापसी के लिए दोपहर 1 बजे तक का समय निर्धारित किया गया हैं। नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के तुरंत बाद चुनाव लड़ने वाले अभ्यर्थियों की सूची तैयार कर चुनाव चिह्न आवंटित किए जाएंगे। यदि मतदान आवश्यक हुआ तो अपराह्न 3 बजे से शाम 5 बजे के बीच कराया जाएगा। मतदान समाप्त होने के तुरंत बाद मतगणना कर परिणाम घोषित कर दिए जाएंगे।
सदस्यों को अभ्यर्थी पहचान पत्र साथ लाने के निर्देश
रिटर्निंग अधिकारी ने जिला परिषद के सभी निर्वाचित सदस्यों को निर्धारित तिथि, स्थान और समय पर व्यक्तिगत रूप से उपस्थित रहने के निर्देश दिए हैं। सदस्यों को अपने साथ कार्यालय द्वारा जारी अभ्यर्थी पहचान पत्र अनिवार्य रूप से लाना होगा।
