मध्यप्रदेश के शिवपुरी जिले के एक ग्रामीण ने करवा चौथ का व्रत नहीं रखने पर पत्नी के खिलाफ थाने में लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है। साथ ही पत्नी को तलाक देने की बात भी कही है। पुलिस अब दोनों के बीच मनमुटाव दूर कराने की कोशिश करेगी।
एनसीआई@भोपाल/शिवपुरी
मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले के बदरवास थाना क्षेत्र के विजरावन गांव से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने है। यहां के एक ग्रामीण ने पुलिस को लिखित शिकायत देकर आरोप लगाया है कि उसकी पत्नी ने न तो उसके लिए करवा चौथ का व्रत रखा और न ही चांद की पूजा की।
पति के अनुसार अगर वह ऐसा करती तो उसकी उम्र बढ़ जाती। इस प्रकार पत्नी उसे मारना चाहती है। इसके खिलाफ कार्रवाई की जाए। नाराज ग्रामीण ने पत्नी को तलाक देने की भी बात कही है। इस नाराज ग्रामीण का नाम बारेलाल आदिवासी है। वहीं पत्नी मिथलेश आदिवासी है।
महिला अधिकारी के जरिये सुलह कराने की कोशिश
इस मामले पर कोलारस के एसडीओपी संजय मिश्रा ने बताया कि बदरवास के विजरावन गांव के बारेलाल आदिवासी ने आवेदन दिया है। उसमें उन्होंने शिकायत की है कि उनकी पत्नी ने उनके लिए करवा चौथ का व्रत नहीं रखा। एसडीओपी संजय मिश्रा के मुताबिक, महिला पुलिस अधिकारी के माध्यम से पति-पत्नी के बीच चल रहे मनमुटाव को बातचीत के जरिये दूर कराने का प्रयास किया जाएगा।
