भारतीय क्रिकेट में अब महिला और पुरुष में वेतन के तौर पर कोई भेदभाव नहीं रहेगा। सभी को बराबर मैच फीस मिलेगी। इस बात की जानकारी भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के सचिव जय शाह ने दी है। जय शाह ने बताया कि बीसीसीआई ने वेतन इक्विटी पॉलिसी लागू की है।
एनसीआई@नई दिल्ली
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने गुरुवार को एक ऐतिहासिक फैसला सुनाया है। बोर्ड ने एक नई पॉलिसी लागू करते हुए अब मैच फीस के तौर पर महिला और पुरुष के बीच के भेदभाव को खत्म कर दिया है। बीसीसीआई ने कहा है कि अब से महिला और पुरुष को बराबर मैच फीस मिलेगी। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड के सचिव जय शाह ने यह जानकारी दी है।
जय शाह ने इस ऐतिहासिक फैसले का ऐलान सोशल मीडिया के जरिए किया है। जय शाह ने कहा-यह बताते हुए खुशी हो रही है कि बीसीसीआई ने इस भेदभाव को दूर करने के लिए पहला कदम उठाया है। हम अपनी अनुबंधित महिला क्रिकेटर्स के लिए वेतन इक्विटी पॉलिसी लागू कर रहे हैं।
इस तरह मिलेगी महिला क्रिकेटर्स को मैच फी
बीसीसीआई सचिव ने कहा कि हम अब लैंगिक समानता के एक नए युग में एंट्री कर रहे हैं। ऐसे में इस पॉलिसी के तहत अब से महिला और पुरुष दोनों के लिए ही समान मैच फीस रहेगी। उन्होंने बताया है कि अब से महिलाओं को भी पुरुष को समान ही मैच फीस मिलेगी। टेस्ट क्रिकेट में एक मैच के लिए 15 लाख रुपए मिलते हैं, जबकि वनडे इंटरनेशनल में पुरुषों को एक मैच के 6 लाख रुपए दिए जाते हैं।
बीसीसीआई सचिव जय शाह ने बताया कि पुरुषों को टी20 इंटनेशनल क्रिकेट में एक मैच खेलने के लिए 3 लाख रुपए मिलते हैं। अब यही फीस महिला क्रिकेटर्स को भी मिला करेगी। इसके साथ ही जय शाह ने इस फैसले का सपोर्ट करने के लिए अपेक्स काउंसिल का भी धन्यवाद दिया है।
पुरुषों को इतनी मैच फीस मिलती है
एक टेस्ट मैच: 15 लाख रुपए
एक वनडे मैच: 6 लाख रुपए
एक टी20 मैच: 3 लाख रुपए
अब तक औसतन इतने रुपए मिलते थे महिलाओं को
यदि औसतन तुलना की जाए तो अब तक सीनियर महिला क्रिकेटर्स को प्रतिदिन मैच के लिए 20 हजार रुपए फीस मिलती थी। यह किसी अंडर-19 पुरुष क्रिकेटर के लगभग बराबर थी, जबकि सीनियर पुरुष खिलाड़ी प्रतिदिन मैच फीस के तौर पर औसतन 60 हजार रुपए कमाई करते हैं। ऐसे में यह महिला और पुरुषों के बीच एक बड़ा अंतर था। मगर अब यह भेदभाव भी दूर हो जाएगा। 2022 से पहले महिला क्रिकेटरों को मैच फीस के तहत सिर्फ 12,500 रुपए दिए जाते थे।
न्यूजीलैंड क्रिकेट बोर्ड ने ये पहल शुरू की
क्रिकेट में महिला-पुरुषों को समान वेतन देने की पहल इसी साल जुलाई में सबसे पहले न्यूजीलैंड क्रिकेट बोर्ड (NZC) ने शुरू की थी। उन्होंने महिला और पुरुष क्रिकेटर्स को समान वेतन देने का फैसला किया था। इसे लेकर NZC और 6 बड़ी एसोसिएशन के बीच एग्रीमेंट भी हुआ। यह डील पहले पांच साल के लिए की गई। इसके तहत इंटरनेशनल सहित घरेलू क्रिकेटर्स को भी सभी टूर्नामेंट में होने वाले मैचों की फीस भी समान ही मिलेगी।
