एनसीआई@कोटा
कल यानी बुधवार सुबह लाडपुरा विधानसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी से बगावत कर निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में मैदान में डटे हुए वरिष्ठ नेता भवानी सिंह राजावत पार्टी की अधिकृत प्रत्याशी कल्पना देवी के पक्ष में चुनावी मैदान से हट गए। इसी के साथ राजावत की भाजपा में वापसी हो गई और उन्होंने अपने कार्यकर्ताओं के साथ कल्पना देवी को जिताने के लिए पूरे दमखम से जुट जाने की घोषणा भी कर दी। इस अप्रत्याशित घटनाक्रम से लाडपुरा सीट के सारे समीकरण ही बदल गए।
अभी तक राजावत की बगावत से डगमगा रही भाजपा की नैया के पार होने की पूरी उम्मीद बंध गई तो कांग्रेस प्रत्याशी नईमुद्दीन गुड्डू के खेमे में सन्नाटा छा गया। नईमुद्दीन गुड्डू सहित सभी समर्थकों के चेहरों पर हवाईयां उड़ने लगीं। इससे पहले कल्पना देवी और राजावत के बीच वोटों के बंटवारे की स्थिति होने के चलते नईमुद्दीन गुड्डू और उनका खेमा इन दोनों की हार और खुद की जीत शत-प्रतिशत तय मान कर चल रहा था। मगर राजावत के हृदय परिवर्तन से परिदृश्य पूरी तरह उलटा हो गया। अब नईमुद्दीन गुड्डू के साथ उनके कार्यकर्ताओं तक के चेहरों पर मायूसी छा गई है। चुनाव कार्यालय में जो गर्मजोशी का माहौल था, वह भी अब बदल गया है। इनके चुनाव प्रचार में भी यह माहौल देखने को मिला।
हमने इस मसले पर नईमुद्दीन गुड्डू का पक्ष जानने की कोशिश की, मगर उनसे सम्पर्क नहीं हो पाया।
