एनसीआई@बूंदी
बूंदी पंचायत आम चुनाव 2026 के तहत जिले में होने वाले जिला परिषद व पंचायत समिति सदस्यों तथा पंच- सरपंच के निर्वाचन के लिए गठित मतदान दलों का प्रशिक्षण शनिवार से नगर परिषद के टाउन हॉल में शुरू हो गया।

प्रथम दिवस प्रशिक्षण में 500 मतदान अधिकारियों ने भाग लिया। प्रशिक्षण में दक्ष प्रशिक्षक चंद्रप्रकाश राठौर ने मतदान अधिकारियों को जिला परिषद व पंचायत समिति सदस्यों के साथ सरपंच, पंच व उपसरपंच के निर्वाचन की सम्पूर्ण प्रक्रिया की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पंचायत चुनावों में प्रत्येक मतदान दल में 5 मतदान अधिकारी लगाए गए हैं। प्रत्येक पंचायत मुख्यालय पर नाम निर्देशन पत्र भरने, निर्देशन पत्रों की संवीक्षा करने व मतगणना कार्य की मॉनिटरिंग के लिए रिटर्निंग अधिकारी नियुक्त किए गए हैं।
प्रशिक्षण में मास्टर ट्रेनर भूपेन्द्र शर्मा ने मतदान अधिकारियों को निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण मतदान के लिए सजगता से निर्वाचन प्रक्रिया सम्पन्न कराने के निर्देश दिए। इस दौरान मॉक पोल आयोजित करने, मतदान केन्द्रों पर वृद्ध एवं दिव्यांग मतदाताओं को प्राथमिकता से मतदान करवाने व तय प्रोटोकॉल से निर्वाचन प्रक्रिया पूरी करवाने का प्रशिक्षण दिया। दक्ष प्रशिक्षक नवनीत जैन, हेमंत झा, संजय गुप्ता व अमित विजयवर्गीय ने भी प्रशिक्षण में मतदान अधिकारियों के दायित्व एवं कर्तव्यों की जानकारी दी। प्रशिक्षण के अंतिम चरण में मतदान अधिकारियों को ईवीएम व मतपेटी का भी प्रशिक्षण दिया गया।
