एनसीआई@जयपुर
राजस्थान भाजपा के कथित पाकिस्तान की तरफदारी वाले बयान बयान के खिलाफ कांग्रेस ने शनिवार को प्रदेशभर में विरोध प्रदर्शन किए। कांग्रेस का आरोप है कि भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने एक कार्यक्रम में पाकिस्तान को लेकर बयान दिया था कि यदि अमेरिका और पाकिस्तान के बीच मुकाबला या युद्ध हो, तो वे पाकिस्तान का समर्थन करेंगे, क्योंकि वह हमारा पड़ोसी है। हालांकि, विवाद होने पर राठौड़ ने स्पष्ट किया कि उनका यह बयान भारत-पाकिस्तान के क्रिकेट मैच के संदर्भ में था, जिसे तोड़-मरोड़कर पेश किया जा रहा है।
जयपुर में बारिश और नेताओं की लेटलतीफी ने फेरा पानी
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष के कथित बयान के विरोध में जयपुर शहर कांग्रेस ने चांदपोल सर्किल पर विरोध प्रदर्शन और पुतला दहन का कार्यक्रम रखा था। मगर बारिश और ओलावृष्टि तथा नेताओं के डेढ़ घंटे देरी से पहुंचने के कारण यहां भीड़ कम रही और प्रदर्शन फीका रहा।

जोधपुर में देशद्रोह का मुकदमा दर्ज करने की मांग
जोधपुर शहर जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से जोधपुर में उग्र विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेस नेताओं ने मदन राठौड़ का पुतला फूंका और उनके खिलाफ नारेबाजी करते हुए देशद्रोह का मुकदमा दर्ज करने की मांग उठाई।

कोटा में देश से माफी मांगने की मांग
कोटा में भी जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ का पुतला दहन कर विरोध-प्रदर्शन किया गया। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि भाजपा प्रदेशाध्यक्ष को अपने बयान के लिए देश की जनता से माफी मांगनी चाहिए।

पाली में मटका फोड़कर किया विरोध
पाली में भी बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ के खिलाफ कांग्रेस ने आक्रोश जताया। पाकिस्तान को लेकर दिए कथित विवादित बयान पर कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने नाराजगी जताई। विरोध में सूरजपोल चौराहे पर कांग्रेस ने मटका फोड़कर प्रदर्शन किया।

अजमेर भाजपा कार्यालय पर लिखी अमर्यादित बात से तनाव
अजमेर में विरोध के दौरान तनावपूर्ण स्थिति बन गई। भाजपा कार्यालय की दीवारों पर कालिख पोतने और अमर्यादित शब्द लिखने की घटना सामने आई। इस मामले में पुलिस ने शिकायत पर यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं के खिलाफ जांच शुरू की और सुरक्षा बढ़ाई।
बीकानेर में पूर्व मंत्री बीडी कल्ला भी रहे शामिल
बीकानेर में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर शहर और देहात कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कोटगेट पर मदन राठौड़ का पुतला फूंका। पूर्व मंत्री डॉ. बीडी कल्ला सहित कई नेताओं ने इस बयान पर कड़ी आपत्ति जताई।
भीलवाड़ा में संयुक्त रूप से किया विरोध प्रदर्शन
भीलवाड़ा में शहर और देहात कांग्रेस कमेटियों ने संयुक्त रूप से विरोध प्रदर्शन और पैदल मार्च निकाला। प्रदर्शनकारी कलेक्ट्रेट पहुंचे और वहां भाजपा प्रदेशाध्यक्ष का पुतला दहन किया गया।
बूंदी में फूंका प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ का पुतला
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ के कथित पाकिस्तान समर्थक बयान पर कांग्रेस जिला अध्यक्ष महावीर मीणा के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट पर राठौड़ का पुतला फूंका।

यह था मामला
बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने जयपुर में मिसाइलमैन पूर्व राष्ट्रपति एपीजे अब्दुल कलाम की जयंती पर आयोजित सेमिनार में पाकिस्तान को लेकर कहा था- अगर भारत और पाकिस्तान का क्रिकेट का मैच हो और दुर्भाग्य से भारत हार जाए, उस समय जो पटाखे फोड़े, वह देशभक्त नहीं है। हां, मैं यह कहता हूं कि अगर अमेरिका और पाकिस्तान के बीच मैच हो तो हम पाकिस्तान के साथ हैं, क्योंकि वह हमारा पड़ोसी है।

