हल्द्वानी में कथित शुद्धिकरण की घटना को लेकर उत्तराखंड हाईकोर्ट ने कहा कि आरोपों के समर्थन में कांग्रेस कोई सबूत नहीं दे पाई है। अदालत ने पुलिस की जांच पर संतोष जताते हुए दखल देने से इनकार कर दिया।
एनसीआई@देहरादून
उत्तराखंड के हल्द्वानी में शुद्धिकरण की घटना पर पिछले कई दिनों से सियासत गरमाई हुई है। इस बीच मामले में उत्तराखंड हाईकोर्ट से कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है। हाईकोर्ट ने मामले की स्वतंत्र जांच से जुड़ी याचिका खारिज कर दी है। अदालत का कहना है कि आरोपों के समर्थन में कांग्रेस कोई सबूत नहीं दे पाई है।
इसके साथ ही उत्तराखंड हाईकोर्ट पुलिस की जांच पर संतोष जताया है। साथ ही पुलिस की जांच में किसी तरह के दखल देने से इनकार कर दिया है। हाईकोर्ट के इस फैसले के बाद अब कांग्रेस के नैरेटिव पर सवाल उठ रहे हैं।
हल्द्वानी में खरगे की रैली के बाद शुद्धिकरण का लगा आरोप
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की 8 अगस्त को हल्द्वानी के रामलीला मैदान में ‘विजय शंखनाद रैली’ हुई थी। कांग्रेस का आरोप है कि रैली खत्म होने के बाद मैदान में शुद्धिकरण यज्ञ कराया गया। खुद मल्लिकार्जुन खड़गे सहित कांग्रेस के कई नेता इस मसले को लेकर लगातार बीजेपी को घेर रहे थे।
कथित शुद्धिकरण पर कांग्रेस और बीजेपी का एक दूसरे के खिलाफ प्रदर्शन
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की हल्द्वानी के रामलीला मैदान में हुई जनसभा के बाद कथित ‘शुद्धिकरण’ के मुद्दे पर सोमवार को कांग्रेस और बीजेपी ने एक-दूसरे के खिलाफ प्रदर्शन किया। कांग्रेस ने कथित ‘शुद्धिकरण’ के दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग और इस मामले को उठाने पर राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज प्राथमिकी दर्ज करने के विरोध में ‘हल्ला बोल-मुख्यमंत्री आवास घेराव’ कार्यक्रम आयोजित किया। इसमें कांग्रेस महासचिव और प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा की मौजूदगी के साथ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया।
हालांकि, पुलिस ने रास्ते में अवरोधक लगाकर उन्हें आगे बढ़ने से रोक दिया। इस दौरान कुछ नेताओं ने अवरोधक पार करने का प्रयास किया, जिन्हें पुलिस ने एहतियातन हिरासत में ले लिया और बाद में उन्हें छोड़ दिया गया।
बीजेपी ने कांग्रेस पर झूठ फैलाने का लगाया आरोप
वहीं, बीजेपी के अनुसूचित जाति मोर्चा ने कांग्रेस पर शुद्धिकरण के नाम से झूठ फैलाने का आरोप लगाते हुए राज्य के सभी जिलों में प्रदेशव्यापी धरना दिया। देहरादून के गांधी पार्क में आयोजित ‘सामाजिक सौहार्द संकल्प धरना’ में बीजेपी नेताओं ने कहा कि सामाजिक सम्मान और समानता किसी एक दल की राजनीति तक सीमित नहीं है, बल्कि यह देश के सामाजिक ताने-बाने और लोकतांत्रिक मूल्यों से जुड़ा मसला है।
