वहशियाना खेल से कमाई का जुगाड़: कांग्रेस नेता के बेटे के फार्म हाउस पर विदेशी नस्ल के 19 खूंखार कुत्तों पर लगाया जा रहा था करोड़ों का सट्टा, 81 आरोपी गिरफ्तार
एनसीआई@हनुमानगढ़
जिले के टाउन थाना इलाके में एक कांग्रेस नेता के बेटे के फार्म हाउस में विदेशी कुत्तों की लड़ाई पर करोड़ों का सट्टा लगाए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। अपनी तरह के इस अनोखे मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए विदेशी नस्ल के 19 प्रतिबंधित कुत्तों पर सट्टेबाजी कर रहे 81 लोगों को गिरफ्तार किया है। वहीं, कुत्तों को फार्म हाउस में ही निगरानी में रखा गया है।
इसके अलावा पुलिस ने मौके से 15 वाहन भी जब्त किए हैं। आरोपियों में से कुछ के कब्जे से लाइसेंसी हथियार भी बरामद हुए हैं। फार्म हाउस पर जब पुलिस का छापा पड़ा तो कुछ लोग दीवार कूदकर फरार भी हो गए।

कुत्तों की लड़ाई (Dog Fighting) पर करोड़ों रुपए की सट्टेबाजी की सूचना पर पुलिस ने देर रात कांग्रेस नेता के बेटे के फार्म हाउस पर छापा मारा। इसमें पुलिस को यह सफलता मिली।
कुछ लोगों से लाइसेंसी हथियार हुए बरामद
इस मामले में हनुमानगढ़ एसपी अरशद अली ने बताया- कांग्रेस के पंचायत समिति सदस्य भानीराम बगड़िया के बेटे अमन बगड़िया के फार्म हाउस पर रात 2 बजे पुलिस ने छापा मारा। चक बूड़सिंहवाला रोही गाहडू स्थित इस फार्म हाउस में विदेशी नस्ल के प्रतिबंधित खूंखार कुत्तों पर सट्टा लगाया जा रहा था। मौके से दांव लगाते 81 लोगों को गिरफ्तार किया है। कई लोग पुलिस का छापा पड़ते ही मौके से दीवार कूदकर फरार हो गए थे। कुछ लोगों से लाइसेंसी हथियार भी बरामद हुए हैं।
पाकिस्तानी और अमेरिकन बुली नस्ल के 19 खूंखार कुत्ते मिले
एसपी ने बताया- शुक्रवार शाम को सूचना मिली थी कि टाउन क्षेत्र के एक फार्म हाउस में पंजाब और हरियाणा के कुछ लोग आए हुए हैं। ये देश में प्रतिबंधित नस्ल के कुत्तों की फाइट करवाकर करोड़ों रुपयों का दांव लगाएंगे। इस पर संगरिया सीओ करण सिंह, टाउन सीआई मोनिका बिश्नोई व जंक्शन सीआई सतपाल बिश्नोई की टीम गठित कर फार्म हाउस पर दबिश दी गई। वहां पर मौजूद लोग कुत्तों की फाइट पर रुपयों का दांव लगा रहे थे।
एसपी अरशद अली ने बताया- सट्टा लगाते पकड़े गए आरोपियों में से अधिकतर लोग पंजाब व हरियाणा के रहने वाले हैं। ये गाड़ियों में कुत्तों को लाए थे। कुछ कुत्ते फाइट के कारण घायल अवस्था में मिले। उनका इलाज करवाया जा रहा है। इन कुत्तों को फार्म हाउस में ही पुलिस की निगरानी में रखा गया है।आरोपियों के खिलाफ पशु क्रूरता निवारण अधिनियम और गेम्बलिंग एक्ट के तहत मामला दर्ज कर पूछताछ की जा रही है।
फार्म हाउस से गिरफ्तार आरोपियों का मेडिकल मुआयना करवाने के लिए पुलिस लाइन से बस बुलानी पड़ी।

सोशल मीडिया पर बनाया है बुल्ली ग्रुप
एसपी अरशद अली ने बताया-पकड़े गए आरोपियों ने सोशल मीडिया पर एक बुल्ली ग्रुप बना रखा है। इसमें करीब 250 मेम्बर जुड़े हुए हैं। ये सभी लोग ग्रुप के माध्यम से अलग-अलग स्थानों पर थोड़े-थोड़े समय के अंतराल के बाद डॉग फाइट का आयोजन करते हैं। एक फाइट में ही करोड़ों रुपए के दांव लगाए जाते हैं।
इन लोगों को किया गया है गिरफ्तार
एसपी अरशद अली ने बताया गिरफ्तार किए गए आरोपियों में प्रवीण खान निवासी गोलूवाला सिहागान (हनुमानगढ़), रविंद्र कुमार निवासी 11 एलएसएम (अनूपगढ़), कार्तिक जाट निवासी चक केएलएम रावला (श्रीगंगानगर), आकाश जटसिख निवासी 2 एसटीआर घड़साना (अनूपगढ़), गगनदीप ओलखा निवासी 22 पीएस रायसिंहनगर (अनूपगढ़), प्रहलाद निवासी सुभानवाला (श्रीगंगानगर), संजय गोस्वामी निवासी सतीपुरा (हनुमानगढ़), नियाज मोहम्मद निवासी नई खुंजा (हनुमानगढ़), हेमंत कुमार निवासी सतीपुरा (हनुमानगढ़), बरकत अली निवासी नई खुंजा (हनुमानगढ़), विश्वजीत निवासी चक 4 एलएम घड़साना (अनूपगढ़), महावीर सिंह निवासी दौलतपुरा (श्रीगंगानगर), संदीप कुमार निवासी तंदूरवाली थाना टिब्बी (हनुमानगढ़) सहित पंजाब और हरियाणा के विभिन्न शहरों के कुल 81 लोग शामिल हैं क्ष
आरोपियों की भरमार, छोटी पड़ गई हवालात
एसपी अरशद अली ने बताया- जिले में इस तरह की यह पहली बड़ी कार्रवाई है, जिसमें डॉग फाइट पर सट्टा लगाते इतनी बड़ी संख्या में लोगों को पकड़ा गया है। इससे थाने की हवालात भी छोटी पड़ गई। इसके चलते आरोपियों को खुले आसमान के नीचे बैठाया गया। इनका मेडिकल मुआयना करवाने के लिए पुलिस लाइन से बस बुलानी पड़ी। कई लोगों ने अपने परिचितों को छुड़वाने के लिए सिफारिश की। वहीं कुछ स्थानीय नेता भी अपने सम्पर्क के लोगों के बीच-बचाव के लिए थाने पहुंचे, लेकिन किसी को छोड़ा नहीं गया।
23 नस्लों के कुत्ते भारत में प्रतिबंधित
एसपी अरशद अली ने बताया- पालतू कुत्तों के हमलों से लोगों की मौत की बढ़ती घटनाओं के बीच केन्द्र सरकार ने पिटबुल टेरियर, टोसा इनु, अमेरिकन स्टेफोर्डशायर टेरियर, फिला ब्रासिलेरियो, डोगो अर्जेंटीनो, अमेरिकन बुलडॉग, बोअरबोएल, कांगल, टार्नजैक, बैंडोग, सरप्लानिनेक, जापानी टोसा, अकिता इनु, मॉस्टिफ, रॉटविलर, रोडेशियन रिड्जबेक, कैनारियो, अकबाश, मास्को गार्ड डॉग, वोल्फ डॉग, जर्मन शेफर्ड सहित खूंखार कुत्तों की 23 नस्लों की बिक्री और उनके प्रजनन पर प्रतिबंध लगाने के आदेश जारी किए थे।
इनमें से पिटबुल जब एक बार किसी को अपने शिकंजे में ले लेता है, तो उसके जबड़े एक तरह से लॉक हो जाते हैं और फिर उससे छुड़ाना बेहद मुश्किल होता है।
इसलिए किया गया था प्रतिबंधित
एसपी ने बताया- दिल्ली में एक पिटबुल द्वारा काटे जाने के बाद एक बच्ची गम्भीर रूप से घायल हो गई थी। उसका पैर तीन जगह से टूट गया था। गाजियाबाद में एक पिटबुल ने 10 साल के बच्चे को गम्भीर रूप से जख्मी कर दिया था। दिसम्बर में भी एक 70 वर्षीय महिला को पिटबुल ने गम्भीर रूप से घायल कर दिया था। एक अन्य मामले में लखनऊ में एक जिम मालिक के पिटबुल ने उसकी मां की ही जान ले ली थी।
