राजस्थान विधानसभा चुनाव प्रचार अभियान के बीच पूर्व डिप्टी सीएम सचिन पायलट के प्रशंसकों के लिए खुशखबरी आई है। हुआ यह है कि उनके नेता और टोंक विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी सचिन पायलट को मतदान के ठीक पहले ख़ास जगह मिल गई है।
एनसीआई@जयपुर
पूर्व डिप्टी सीएम सचिन पायलट कुछ भी कहें, कैसे भी दावे करें, मगर राजस्थान कांग्रेस में उन्हें नेपथ्य में ही रखा गया है। अब जब अशोक गहलोत की सरकार कई मुद्दों पर बुरी तरह घिरी हुई है, कुर्सी सरकती हुई नजर आने लगी, तब जाकर कांग्रेस संगठन जागा। पार्टी के चुनाव प्रचार होर्डिंग्स से गायब नजर आ रहे सचिन पायलट को अब इनमें जगह मिलने लग जाएगी।
दरअसल, कांग्रेस की चुनावी गारंटी के जो नए प्रचार होर्डिंग्स प्रदेश के कई जगहों पर लगाए गए हैं, उनमें सचिन पायलट की तस्वीर को प्रमुखता के साथ जगह दी गई है। साफ है कि ऐसा सचिन पायलट के समर्थकों और गुर्जर समाज को खुश करने के लिए किया गया है। सचिन पायलट को भी खुश करने का यह एक तरीका है। सीएम अशोक गहलोत के साथ पायलट की तस्वीर के ये होर्डिंग्स सियासी गलियारों से लेकर सोशल मीडिया तक में चर्चा का विषय बने हुए हैं।

पहले अकेले, फिर डोटासरा, अब पायलट का साथ
कांग्रेस के ज़्यादातर शुरुआती प्रचार होर्डिंग्स में सिर्फ मुख्यमंत्री अशोक गहलोत का ही चेहरा नज़र आता था। इसके कुछ वक्त बाद प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा के चेहरे को इन प्रचार होर्डिंग्स में सीएम गहलोत के साथ जगह मिली। अब जब चुनाव में 10 दिन का ही वक्त शेष रह गया है, तब सचिन पायलट की तस्वीर को भी इन प्रचार होर्डिंग्स में शामिल किया गया है।
बढ़ रही सचिन की डिमांड!
चुनाव नज़दीक आने के साथ ही सचिन पायलट की कांग्रेस पार्टी में डिमांड बढ़ने लगी है। स्टार प्रचारकों की सूची में शामिल पायलट खुद भी टोंक विधानसभा क्षेत्र से प्रत्याशी हैं। इन दिनों वे अपने विधानसभा क्षेत्र पर फोकस करने के साथ ही अन्य विधानसभा क्षेत्रों में भी कांग्रेस प्रत्याशियों के समर्थन में चुनाव प्रचार कर रहे हैं। यही कारण है कि उन पर दोहरी ज़िम्मेदारी है।
इधर जयपुर जिला कांग्रेस कमेटी का एक लेटर भी वायरल हो रहा है, जिसमें सचिन पायलट को प्रचार में बुलाए जाने की कांग्रेस प्रत्याशी डिमांड कर रहे हैं। ये लेटर प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा को जमवारामगढ़ सीट से प्रत्याशी गोपाल मीणा की ओर से लिखा होना जाना बताया जा रहा है।
