एनसीआई@नई दिल्ली
कॉमेडियन समय रैना के शो ‘इंडियाज गॉट लेटेंट 2’ में बिहार की शिक्षिका और कंटेंट क्रिएटर साक्षी झा के विवादित बयान को लेकर देशभर में बहस छिड़ गई है। शो के ऑडिशन के दौरान साक्षी ने खुद को ‘मैन-हेटर’ (पुरुषों से नफरत करने वाली) बताया और अपने पिता, भाई, दादा और भविष्य के पति के साथ सभी पुरुषों को लेकर कई आपत्तिजनक टिप्पणियां कीं। इस एपिसोड के सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर साक्षी झा के बयान की जमकर आलोचना हो रही है। इसमें उसका पहनावा भी किसी शिक्षिका के पहनावे के अनुकूल नहीं है। अब शिक्षा विभाग द्वारा उसे निलम्बित कर दिए जाने की भी चर्चा है।
‘मैं मैन-हेटर हूं’ बयान से शुरू हुआ विवाद
शो में मंच पर आते ही साक्षी झा ने कहा कि उन्हें पुरुषों से नफरत है। उन्होंने अपने एक्ट के दौरान कहा कि उन्हें पुरुषों का ‘ईगो’ तोड़ने में खुशी मिलती है। उनका कहना था कि समाज में पुरुष खुद को महिलाओं से बेहतर समझते हैं, जबकि हर पुरुष का जन्म भी एक महिला से ही होता है। उनके इस बयान के बाद मंच पर मौजूद जजों और दर्शकों की प्रतिक्रिया भी देखने लायक रही।
पिता, भाई और दादा को लेकर भी की टिप्पणी
इस दौरान साक्षी ने अपने परिवार के पुरुष सदस्यों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि उनके पिता, भाई और दादा भी पुरुष हैं, इसलिए उन्हें उनसे भी नफरत है। उनके इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने कड़ी प्रतिक्रिया दी और इसे परिवार के प्रति अपमानजनक बताया।
होने वाले पति पर भी विवादित टिप्पणी
ऑडिशन के दौरान साक्षी ने अपने भविष्य के वैवाहिक जीवन को लेकर भी विवादित बयान दिया। उन्होंने कहा कि अगर उनकी शादी होती है तो वह अपने पति को बेल्ट से पीटना चाहेंगी। दारू पीकर पति को पीटना चाहेंगी। इस टिप्पणी पर भी सोशल मीडिया पर तीखी प्रतिक्रिया देखने को मिली और कई लोगों ने इसे लैंगिक घृणा फैलाने वाला बयान बताया।
जजों ने दिए जीरो अंक
साक्षी झा का प्रदर्शन शो के किसी भी जज को प्रभावित नहीं कर सका। उसके एक्ट और विवादित टिप्पणियों पर असहमति जताते हुए सभी जजों ने उसे शून्य अंक दिए। इसके बाद उसका ऑडिशन सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। इस पर लोग तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं देने लगे।
सोशल मीडिया पर छिड़ी बहस
वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया दो हिस्सों में बंटा नजर आया। बड़ी संख्या में यूजर्स ने साक्षी के बयानों को पुरुषों के प्रति घृणा फैलाने वाला बताते हुए आलोचना की। वहीं, कुछ लोगों ने इसे स्टेंड-अप कॉमेडी और डार्क ह्यूमर का हिस्सा बताते हुए अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता का तर्क भी दिया। हालांकि विरोध करने वालों की संख्या अधिक दिखाई दे रही है।
निलम्बन की चर्चा, लेकिन आधिकारिक पुष्टि नहीं
सोशल मीडिया पर यह दावा भी किया जा रहा है कि बिहार शिक्षा विभाग ने साक्षी झा को शिक्षिका के पद से निलम्बित कर दिया है। हालांकि, बिहार शिक्षा विभाग की ओर से अब तक इस सम्बंध में कोई आधिकारिक आदेश या पुष्टि सार्वजनिक नहीं की गई है। ऐसे में निलम्बन के दावे की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है।
विवाद के केंद्र में फिर आया ‘इंडियाज गॉट लेटेंट’
इस पूरे घटनाक्रम ने एक बार फिर समय रैना के शो ‘इंडियाज गॉट लेटेंट’ को राष्ट्रीय चर्चा के केन्द्र में ला दिया है। साक्षी झा के बयान ने केवल सोशल मीडिया पर ही विवाद नहीं खड़ा किया है, बल्कि हास्य की सीमाओं, लैंगिक संवेदनशीलता और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता जैसे गम्भीर मुद्दों पर भी नई बहस को जन्म दे दिया है। वहीं, निलम्बन से जुड़ी चर्चाओं पर आधिकारिक स्थिति स्पष्ट होने का इंतजार किया जा रहा है।
