दिल्ली पुलिस सूत्रों ने बताया कि एफआईआर दर्ज होने के बाद से ही आरोपी अमानतुल्लाह खान का मोबाइल फोन बंद है। इस वजह से लोकेशन ट्रेस नहीं हो पा रही है। पुलिस को आशंका अमानतुल्लाह को छिपाने में कुछ लोग मदद कर रहे हैं।
एनसीआई@नई दिल्ली
दिल्ली पुलिस टीम पर हमले का नेतृत्व करने के आरोपी ओखला विधायक अमानतुल्लाह खान की गिरफ्तारी के लिए दिल्ली, राजस्थान और उत्तर प्रदेश में छापेमारी हो रही है। दिल्ली पुलिस क्राइम ब्रांच और स्पेशल सेल की टीमें अमानतुल्लाह की तलाश में सरगर्मी से जुटी हुई हैं। अब तक करीब एक दर्जन स्थानों पर रेड मारी गई है। दिल्ली पुलिस का दावा कि जल्द ही अमानतुल्लाह को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि एफआईआर दर्ज होने के बाद से ही आरोपी अमानतुल्लाह खान का मोबाइल फोन बंद है। इस वजह से लोकेशन ट्रेस कर पाने में मुश्किल हो रही है। पुलिस को आशंका है कि अमानतुल्लाह को छिपाने में आम आदमी पार्टी के कुछ नेता मदद कर रहे हैं।
उल्लेखनीय है कि दिल्ली की ओखला सीट से आम आदमी पार्टी के विधायक अमानतुल्लाह खान पर दिल्ली पुलिस टीम पर हमला करने वाले लोगों की अगुआई करने सहित धमकी देने के आरोप हैं। इस मामले में भारतीय न्याय संहित की तमाम धाराओं के तहत ओखला विधायक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।
ये गम्भीर आरोप हैं अमानतुल्लाह के खिलाफ
पुलिस के अनुसार, जामिया नगर में अमानतुल्लाह ने हत्या के प्रयास के मामले में भगोड़े आरोपी शाहवेज खान को क्राइम ब्रांच की हिरासत से फरार करवाने में मदद की थी।
एफआईआर में अमानतुल्लाह खान पर संगीन आरोप है कि उन्होंने अपने समर्थकों के साथ मिलकर पुलिसकर्मियों से धक्का-मुक्की और हाथापाई की। वांटेड बदमाश शाहवेज को पुलिस के चंगुल से छुड़वा कर फरार करवा दिया। दरअसल, क्राइम ब्रांच की टीम जामिया इलाके में वांटेड बदमाश शाहवेज को पकड़ने गई थी। शाहवेज को क्राइम ब्रांच ने पकड़ भी लिया था, लेकिन क्षेत्रीय विधायक अमानतुल्लाह खान अपने 20-25 समर्थकों के साथ आया और क्राइम ब्रांच के स्टाफ को धमकाते हुए बोला, ”तुम्हारी यहां आने की हिम्मत कैसे हुई”?
पुलिस टीम ने आरोपी को पकड़ने में कानून का हवाला दिया तो अमानतुल्लाह खान ने कहा, ”मैं ऐसी पुलिस और कोर्ट कुछ नहीं मानता। ” इसके बाद क्षेत्रीय विधायक अमानतुल्लाह खान ने पुलिस को धमकी दी, ”ये इलाका हमारा है। यहां से निकल जाओ, वरना जिंदा निकला भारी पड़ेगा।”
अमानतुल्लाह खान ने आगे धमकी में कहा, “हमारी आवाज पर इतने लोग इकट्ठे हो जाएंगे कि तुम लोगों का पता भी नहीं चलेगा… तुम कहां गए।”
अमानतुल्लाह खान ने पुलिसकर्मियों को धमकी देते हुए कहा, ”मैं तुम्हारी वर्दी उतरवा दूंगा। मेरे ऊपर एक और केस लगने से कोई फर्क नहीं पड़ता। तुम्हारा यहीं काम करवा दूंगा और कोई गवाह भी नहीं मिलेगा।”
पुलिस ले रही है लीगल ओपिनियन
सूत्रों की मानें तो पुलिस को शक है कि आप नेता अमानतुल्लाह की मदद कर रहे हैं। पुलिस अमानतुल्लाह खान और उसके नजदीकियों के मोबाइल को सर्विलांस पर लगाए हुए है। पुलिस सूत्रों ने यह भी बताया कि वह अमानतुल्लाह खान को तड़ीपार करने के लिए भी लीगल ओपिनियन ले रही है।
