एशियन चेम्पियंस ट्रॉफी में भारतीय टीम ने अपना पांचवां खिताब जीतकर इतिहास रच दिया है। मंगलवार को खेले गए फाइनल मुकाबले में भारतीय टीम ने चीन को उसी के घर में 1-0 से करारी शिकस्त दी है। यह मुकाबला चीन के हुलुनबुइर में हुआ। इससे पहले भारतीय टीम ने दूसरे सेमीफाइनल में साउथ कोरिया को 4-1 से हराकर फाइनल में जगह बनाई थी।
एनसीआई@स्पोर्ट्स डेस्क
हरमनप्रीत सिंह की कप्तानी में भारतीय हॉकी टीम ने एशियन चेम्पियंस ट्रॉफी 2024 में धमाल करते हुए खिताब अपने नाम कर लिया। फाइनल मुकाबले में भारतीय टीम की टक्कर आज मंगलवार, 17 सितम्बर को चीन से थी। इस मैच को जीतने में भारत को पसीने छूट गए, मगर आखिर में 1-0 से जीत दर्ज कर ली।

भारतीय टीम के लिए यह एकमात्र गोल चौथे क्वार्टर के 10 वें मिनट में डिफेंडर जुगराज सिंह ने किया। इससे पहले मैच में दोनों टीमों के बीच काफी कड़ी टक्कर रही। पहले तीन क्वार्टर बगैर किसी गोल के 0-0 से बराबरी पर रहे थे। मगर चौथे क्वार्टर में जुगराज ने मैच विनिंग गोल दागकर खिताब अपने नाम कर लिया।
यह फाइनल मुकाबला चीन के हुलुनबुइर में हुआ। इससे पहले भारतीय टीम ने दूसरे सेमीफाइनल में साउथ कोरिया को 4-1 से हराकर फाइनल में जगह बनाई थी। चीन की हॉकी टीम पहली बार एशियन चेम्पियंस ट्रॉफी के फाइनल में पहुंची थीं, मगर वो खिताब जीतने से चूक गई।
भारतीय टीम ने सबसे ज्यादा 5 बार खिताब जीते
भारतीय टीम ने इतिहास में सबसे ज्यादा 5 बार (मौजूदा सीजन मिलाकर) एशियन चेम्पियंस ट्रॉफी खिताब जीते हैं। पुरुष हॉकी एशियन चेम्पियंस ट्रॉफी का पहला सीजन 2011 में खेला गया था। तब भारतीय टीम ने पाकिस्तान को हराकर खिताब जीता था। इसके बाद भारतीय टीम ने 2013, 2018, 2023 और 2024 सीजन भी जीता है। 2018 में भारतीय टीम पाकिस्तान के साथ संयुक्त विजेता रही थी।

एशियन चेम्पियंस ट्रॉफी में अब तक 8 सीजन (मौजूदा मिलाकर) हो चुके हैं। इनमें से 4 बार भारत, 3 बार पाकिस्तान और एक बार साउथ कोरिया ने खिताब जीता है। जैसा कि ऊपर बताया है कि 2018 में भारत और पाकिस्तान संयुक्त विजेता रहे थे।
इस सीजन में एक भी मैच नहीं हारी भारतीय टीम
भारतीय हॉकी टीम मौजूदा टूर्नामेंट में कोई भी मैच नहीं हारी। हरमनप्रीत सिंह की कप्तानी वाली यह टीम लगातार 6 मैच जीतकर फाइनल में पहुंची थी। इसके बाद फाइनल भी अपने नाम किया। भारतीय टीम ने पूल स्टेज में अपने पांचों मुकाबले जीते थे और वो टूर्नामेंट के मौजूदा सीजन में अजेय रहने वाली इकलौती टीम रही।

भारतीय टीम ने अपने आखिरी पूल मैच में पाकिस्तान को 2-1 से मात दी थी। उससे पहले उसने कोरिया को 3-1 से पराजित किया था। जबकि भारतीय टीम ने मलेशिया को 8-1 से हराकर सेमीफाइनल में एंट्री की थी। इसके पहले भारतीय टीम ने चीन को 3-0 और जापान को 5-0 से करारी शिकस्त दी थी।
भारतीय हॉकी टीम का स्क्वॉड
गोलकीपर: कृष्ण बहादुर पाठक, सूरज करकेरा
डिफेंडर: जरमनप्रीत सिंह, अमित रोहिदास, हरमनप्रीत सिंह (कप्तान), जुगराज सिंह, संजय, सुमित
मिडफील्डर: राज कुमार पाल, नीलकांत शर्मा, विवेक सागर प्रसाद, मनप्रीत सिंह, मोहम्मद राहील मौसीन
फॉरवर्ड: अभिषेक, सुखजीत सिंह, अरजीत सिंह हुंदल, उत्तम सिंह, गुरजोत सिंह
