
एनसीआई@भीलवाड़ा (राजस्थान)
भीलवाड़ा से अलग कर बनाए गए नए जिले शाहपुरा के जहाजपुर कस्बे में आज शनिवार को जलझूलनी एकादशी के अवसर पर निकाले जा रहे जुलूस पर अचानक मस्जिद से लोगों ने नारेबाजी के साथ पथराव करना शुरू कर दिया। इससे जुलूस में भारी अफरा-तफरी, भगदड़ मच गई। अपराह्न के समय हुई इस घटना से माहौल गर्मा गया। मौके पर भारी संख्या में लोगों की भीड़ जमा हो गई।

इस घटना के विरोध लोगों ने बाजार बंद करवा दिया। आरोपियों को गिरफ्तारी की मांग को लेकर धरने पर बैठ गए। गिरफ्तारी हो जाने के बाद ही जुलूस को आगे बढ़ाने की बात कही। इस घटना की जानकारी मिलते ही जहाजपुर विधायक गोपीचंद मीणा भी मौके पर पहुंचे और वह भी आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद ही जुलूस के आगे बढ़ने की बात पर अड़ गए। मौके पर डीएसपी अजीत सिंह मेघवंशी, थाना प्रभारी नरपत राम बना सहित बड़ी संख्या में पुलिस जाप्ता मौके पर मौजूद है। तहसीलदार रवि मीणा भी मौके पर हैं। फिलहाल हालात नियंत्रण में है। पुलिस ने 9 संदिग्ध आरोपियों को हिरासत में ले लिया गया है।

दरअसल, जलझूलनी एकादशी के मौके पर जहाजपुर कस्बे में किले से जुलूस निकाला जा रहा था। इस दौरान जुलूस जब मस्जिद के सामने से गुजरा तो वहां से कुछ लोगों ने अचानक पथराव करना शुरू कर दिया। इस दौरान नारेबाजी भी की गई। इसके बाद जुलूस को बाजार में ही रोक कर बाजार बंद करवा दिया। जुलूस में शामिल लोगों ने विरोध-प्रदर्शन शुरू कर दिया।

विधायक गोपीचंद मीणा मौके पर पहुंचे और घटना में घायल लोगों के साथ कल्याणजी मंदिर के पास धरने पर बैठ गए। लोगों ने पथराव करने के आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। सुंदर कांड और हनुमान चालीसा का पाठ कर विरोध जताया।

देर रात वापस लौटता है भगवान का जुलूस
जहाजपुर कस्बे में जलझूलनी एकादशी पर किले सहित सभी मंदिरों के भगवान को बेवान भंवर कला तालाब में जलविहार के लिए ले जाया जाता है। सामान्य समय में ये देर रात तक यह वापस अपने-अपने मंदिरों में पहुंचते हैं। किले से पीताम्बर राय महाराज भगवान का धार्मिक जुलूस मस्जिद के सामने से गुजर रहा था, उसी वक्त यह घटना हुई। इससे कस्बे में तनाव व्याप्त है।

एसपी ने यह जानकारी दी
शाहपुरा एसपी राजेश कांवट ने बताया- मामले में अब तक कुल 9 लोगों को चिह्नित कर डिटेन कर लिया गया है। आगे जांच की जा रही है। अन्य लोगों की भूमिका पाई जाएगी तो डिटेन करेंगे।

धरने पर बैठे लोगों ने की बुलडोजर चलाने की मांग
कल्याणजी के मंदिर के बाहर धरने पर बैठे लोग जिस मस्जिद से जुलूस पर पत्थरबाजी की गई, उस पर बुलडोजर चलाने की मांग कर रहे हैं। इनका कहना है कि वह इमारत अवैध है। विधायक गोपीचंद मीणा के नेतृत्व में धरना जारी है।
असामाजिक तत्वों ने पत्थर फेंके, कुछ लोगों को चोटें आईं

जुलूस में शामिल लोगों का कहना है कि- किले से जुलूस शांतिप्रिय तरीके से निकल रहा था। इसी दौरान कुछ असामाजिक तत्वों ने पीछे से हमारे लोगों पर हमला किया। पत्थर फेंके गए, जिससे कुछ लोगों को चोटें आई हैं। हम इसका विरोध करते हैं।
डीएसपी अजीत सिंह मेघवंशी ने कहा- असामाजिक तत्वों ने माहौल बिगाड़ने की कोशिश की है। एकादशी पर प्राचीन किले से जुलूस निकला था और महाराजजी की हवेली पर सुरक्षित पहुंच गया। बीच में एक जगह पर कुछ शरारती तत्वों ने नारेबाजी करते हुए माहौल बिगाड़ने की कोशिश की।

ऐसे चला घटनाक्रम
जलझूलनी एकादशी का जुलूस अपराह्न करीब सवा तीन बजे किले से रवाना हुआ था। यह करीब एक घंटे बाद शाम 4 बजे पीताम्बरराय बाजार में पहुंचा। यहां मस्जिद से कुछ लोगों ने आवाज लगाई- ऐ रोको इसे। इसके बाद भगदड़ मच गई और नारेबाजी होने लगी। साथ ही पत्थरबाजी शुरू हो गई। यह घटनाक्रम करीब 20 मिनट तक चला।

स्थिति नियंत्रण में: डीआईजी
अजमेर रेंज के डीआईजी ओम प्रकाश ने बताया कि शाहपुरा से पुलिस अधीक्षक पुलिस बल के साथ जहाजपुर पहुंच रहे हैं। स्थिति नियंत्रण में है। आरोपियों का पता लगाने में पुलिस टीमें जुटी हुई हैं।
