एनसीआई@कोटा
अखिल भारतीय कायस्थ महासभा, कोटा की ओर से 27 अगस्त, गुरुवार को सुर सम्राट, विख्यात गायक मुकेश चंद माथुर की 50वीं पुण्यतिथि के अवसर पर ‘मुकेश नाइट’ का आयोजन किया जाएगा। इस आयोजन के पोस्टर का विमोचन आज गुरुवार को किया गया।
अखिल भारतीय कायस्थ महासभा राजस्थान के प्रदेश अध्यक्ष कुलदीप माथुर ने बताया कि कायस्थ महासभा, कोटा, कायस्थ समाज समिति एवं कायस्थ आर्ट एंड कल्चर, कोटा के संयुक्त तत्वावधान में कायस्थ समाज के गौरव स्वर्गीय मुकेश चंद माथुर की 50 वीं पुण्यतिथि पर हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी भव्य संगीतमय श्रद्धांजलि समारोह ‘मुकेश नाइट’ का आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन शाम 6 बजे से होटल जौहरी, तलवंडी कोटा में होगा। इस कार्यक्रम के लिए राजेश श्रीवास्तव को संयोजक एवं सीपी सक्सेना को सह-संयोजक बनाया गया है।
बचपन से ही गीत-संगीत से था लगाव
कुलदीप माथुर ने बताया कि मुकेश चंद माथुर का जन्म 22 जुलाई 1923 को कायस्थ परिवार में हुआ था। बचपन से ही उन्हें संगीत के प्रति गहरा लगाव था। अपनी बहन को संगीत सीखते हुए सुनकर उन्होंने भी गायन में रुचि विकसित की। आगे चलकर उनकी प्रतिभा को अभिनेता मोतीलाल ने पहचाना और उन्हें मुम्बई आने का अवसर मिला।
मुकेश जी ने अपने गायन की शुरुआत 1940 के दशक में की और अपनी सरल, भावपूर्ण और दिल को छू लेने वाली आवाज़ के कारण जल्द ही हिंदी सिनेमा में अपनी अलग पहचान बनाई। अभिनेता राज कपूर की आवाज के रूप में उनकी लोकप्रियता ने उन्हें घर-घर तक पहुंचाया। आवारा, श्री 420, संगम, मेरा नाम जोकर, आनंद, रजनीगंधा और कभी-कभी जैसी फिल्मों के गीतों ने उनकी आवाज को अमर बना दिया।
राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार भी मिला
मुकेश जी को उनके गाए गीत ‘कई बार यूं भी देखा है’ फिल्म रजनीगंधा के लिए राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार मिला। इसके अलावा उन्हें चार फिल्मफेयर पुरस्कार भी प्राप्त हुए। मुकेश जी का निधन 27 अगस्त 1976 को हुआ था। इस वर्ष 2026 को उनकी 50वीं पुण्यतिथि है। ‘मुकेश नाइट’ में शहरभर के कायस्थ बंधु एवं संगीत प्रेमी मुकेश जी के सदाबहार गीतों को गुनगुनाते हुए उन्हें भावपूर्ण संगीतमय श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे।
मुकेश जी की आवाज में दर्द, प्रेम, विरह और जीवन की संवेदनाओं का ऐसा अद्भुत संगम था कि उनके गीत आज भी संगीत प्रेमियों के दिलों में बसे हुए हैं। उनकी आवाज समय की सीमाओं से परे होकर आज भी नई पीढ़ी को अपनी ओर आकर्षित करती है।
पोस्टर विमोचन समारोह में ये रहे मौजूद
‘मुकेश नाइट’ के पोस्टर का विमोचन एलबीएस केम्पस, कोटा में किया गया। इस अवसर पर महासभा के प्रदेश अध्यक्ष कुलदीप माथुर, जिलाध्यक्ष विनोद सक्सेना, कमल कुलश्रेष्ठ, राजेश श्रीवास्तव, सीपी सक्सेना, नितिन नरेश भटनागर, सुदर्शन माथुर, नितिन भटनागर, ऋषभ माथुर, नीरज कुलश्रेष्ठ, राहुल कुलश्रेष्ठ, योगेंद्र माथुर, मयूर सक्सेना, ईश्वर सक्सेना आदि कायस्थ बंधु मौजूद थे।
