एनसीआई@बूंदी
अपने कर्तव्य का निर्वहन करते हुए बीते एक वर्ष में सर्वोच्च बलिदान देने वाले पुलिसकर्मियों को आज बुधवार को पुलिस शहीद दिवस के अवसर पर बूंदी जिला पुलिस की ओर से समारोह पूर्वक श्रद्धांजलि दी गई। पुलिस परेड ग्राउंड पर आयोजित इस कार्यक्रम में गार्ड ऑफ ऑनर के साथ सशस्त्र सलामी एवं पुष्पचक्र अर्पित कर अमर शहीदों को नमन किया गया।

इस मौके पर एसपी अवनीश कुमार शर्मा ने शहीद पुलिस अधिकारियों एवं जवानों के पदनाम सहित उनके नाम का वाचन कर उनके बारे में जानकारी दी। शहीद पुलिसकर्मियों के शौर्य को नमन करते हुए एसपी शर्मा ने कहा कि पुलिस शहीद दिवस उन वीर पुलिस जवानों के साहस और कर्तव्यनिष्ठा को स्मरण करने का अवसर है, जिन्होंने देश और नागरिकों की सुरक्षा के लिए अपने प्राणों की आहुति दी। उनका सर्वोच्च बलिदान पुलिस बल के प्रत्येक सदस्य के लिए प्रेरणास्रोत है।

पुलिस बेंड ने शोक धुन बजाई
एसपी अवनीश कुमार शर्मा सहित अन्य पुलिस अधिकारियों व जवानों ने राइफल और टोप से बने शहीद स्मारक स्थल पर पुष्पचक्र अर्पित कर शहीद पुलिसकर्मियों को नमन किया। शहीदों के प्रति श्रद्धा सुमन अर्पित करते हुए राष्ट्र और समाज की सुरक्षा के लिए उनके सर्वोच्च बलिदान का स्मरण किया। इस अवसर पर जिला पुलिस सम्मान गार्ड ने शस्त्रों को उलट कर शोक-शस्त्र कर तथा पुलिस अधिकारियों व जवानों ने शीश नवाकर शोक सलामी दी। राइफल से तीन राउंड फायरिंग कर अमर शहीदों के शौर्य को नमन किया गया। जिला पुलिस बेंडकर्मियों ने लास्ट पोस्ट/शोक धुन का वादन किया। कार्यक्रम का वातावरण शहीदों के प्रति सम्मान, कृतज्ञता और राष्ट्र सेवा के संकल्प से ओतप्रोत रहा।
एसपी शर्मा ने सेवानिवृत कर्मियों से की मुलाकात
इस अवसर पर एसपी शर्मा ने कार्यक्रम में मौजूद सेवानिवृत पुलिसकर्मियों से मुलाकात कर उनसे संवाद किया। पुलिस सेवा में उनके योगदान एवं अनुभवों के प्रति सम्मान व्यक्त किया।

पौधरोपण और स्वेच्छिक रक्तदान भी किया
एसपी शर्मा सहित अन्य पुलिस अधिकारियों ने इस अवसर पर अमर शहीदों की स्मृति में आयोजन स्थल परिसर में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण, हरित वातावरण के निर्माण तथा शहीदों की स्मृति को सदैव जीवंत बनाए रखने का संदेश दिया। पुलिस लाइन में इस अवसर पर स्वेच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन भी किया गया।
