एनसीआई@अलवर
जिले के बड़ौदामेव के बुटोली गांव में 300 फीट गहरे बोरवेल में गिरे 8 साल के भानू गुर्जर को SDRF टीम ने सुरक्षित बाहर निकाल लिया है। बच्चा 48 फीट गहराई पर फंसा हुआ था। बोरवेल के अंदर से जब बच्चे की आवाज आने लगी तब रेस्क्यू टीम ने केमरा और रस्सा बोरवेल में डाला। इसके बाद रस्से की मदद से बच्चे को बाहर निकाल कर तुरंत एम्बुलेंस से अस्पताल भेज दिया। करीब 5 घंटे तक यह रेस्क्यू ऑपरेशन चला।

बुटोली गांव में सोमवार शाम को ही करीब 6 बजे भानू बोरबेल में गिर गया था। यह जानकारी मिलने पर जिला प्रशासन व पुलिस अधिकारी बचाव दल के साथ मौके पर पहुंचे और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। रामगढ़ विधायक सुखवंत सिंह भी मौके पर पहुंचे और प्रशासनिक अधिकारियों से रेस्क्यू ऑपरेशन की जानकारी ली। जिला कलक्टर आर्तिका शुक्ला भी मौके पर पहुंची।

रेस्क्यू ऑपरेशन के तहत पहले जेसीबी से बोरवेल के पास खुदाई की गई। फिर बोरवेल में छोटा पाइप डाला गया। इसी के सहारे अंदर केमरा और रस्सा भी डाला गया। करीब 5 घंटे तक चली खासी मशक्कत के बाद रात 11 बजे के आसपास भानू को बाहर निकाल लेने में सफलता मिल गई। इसी के साथ मौके पर मौजूद सभी लोगों ने हर्ष ध्वनि कर खुशी जताई।

