पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने राहुल गांधी और प्रियंका गांधी पर जमकर हमला बोला। राजे ने कटाक्ष करते हुए कहा कि प्रियंका और उनके भाई जब भी आते हैं कुछ भी बोलकर चले जाते हैं, जरूरी नहीं है कि ये जो कहें उसे पूरा करें।
एनसीआई@जयपुर
पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने राहुल गांधी और प्रियंका गांधी पर जमकर हमला बोला है। राजे ने कटाक्ष करते हुए कहा कि प्रियंका और उनके भाई जब भी आते हैं, कुछ भी बोलकर चले जाते हैं। जरूरी नहीं है कि ये जो कहें उसे पूरा करें। पूर्व सीएम ने खुद की सरकार में जयपुर के विकास के लिए किए गए कार्यों का उल्लेख करते हुए भाजपा की सरकार आने का दावा किया। वसुंधरा भाजपा के मालवीय नगर विधानसभा प्रत्याशी कालीचरण सर्राफ के मुख्य चुनाव कार्यालय के उद्घाटन के अवसर पर सम्बोधित कर रहीं थीं।
मरूधरा के महासमर में कांग्रेस और बीजेपी के प्रत्याशियों की सूची आना बाकी है, लेकिन जिन्हें टिकट मिल चुका है, उन्होंने प्रचार शुरू कर दिया है। इसके लिए चुनाव प्रचार कार्यालय खोले जा रहे हैं। सर्राफ के मुख्य चुनाव कार्यालय के उद्घाटन के दौरान पूर्व सीएम वसुंधरा राजे ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी को जमकर आड़े हाथ लिया। पूर्व सीएम वसुंधरा राजे ने कहा कि अभी कुछ दिन पहले प्रियंका गांधी आई थी।उन्होंने कहा था कि साल में महिलाओं को 10 हजार देंगे, जबकि हमारी नारी शक्ति योजना भामाशाह को आगे बढ़ाते तो सरकारी योजना में सीधे महिलाओं को बढ़ी हुई राशि मिल जाती हैं, लेकिन वो नहीं करेंगे। इसके बाद राजे ने कहा कि ये दोनों जब भी आते हैं, जनता को कुछ कह कर चले जाते हैं, यह जरूरी नहीं है यह जो कहें उसे पूरा करे। इनसे सावधान रहने की जरूरत है। इससे पहले भी किसानों को वादा किया था , 10 तक गिनती के साथ सम्पूर्ण कर्ज माफ। पांच साल से किसान कर्ज माफ़ी का इंतजार कर रहे हैं। अब एक बार चुनाव आये तो फिर से आ रहे हैं। इस बार महिलाओं से भी वादा करके जा रहे हैं। किसानों का कर्ज आज तक 5 साल में माफ नहीं हुआ, महिलाओं को भी यह कुछ नहीं देंगे।
राजे ने महिला अपराध बढ़ने पर जताई चिंता
वसुंधरा राजे ने कहा कि हमने अभय कमांड सेंटर खोला था, पता नहीं उसका क्या इस्तेमाल हो रहा है ? इसी तरह महिला स्क्वॉयड बनाया था, ताकि छोटी-छोटी शिकायतों पर पुलिस तुरंत पहुंचकर महिलाओं के खिलाफ अपराधों पर कार्रवाई करे। हमने कानून बनाया था कि छोटी बच्चियों के साथ बलात्कार करने वालों को फांसी मिलनी चाहिए। आज अगर उस पर ध्यान देते और 2-4 को टांग देते या सजा देते तो शायद आज स्थितियां कुछ और होती। आज राजस्थान में महिलाओं के प्रति अपराध सबसे ज्यादा है, यह शर्मनाक बात है। देश में महिला अपराध के मामले में राजस्थान पहले नम्बर पर है।
अपनी योजनाओं का पेश किया खाका
वसुंधरा राजे ने कहा इतने साल से मालवीय नगर से जुड़े कालीचरण को कैसे अलग किया जा सकता है। आपके क्षेत्र में रेलवे लाइन पर अंडरपास और ब्रिज बनाने का काम किसने किया? मालवीय नगर सेक्टर 10 और 4 के बीच अंडरपास, जेपी फाटक का अंडरपास, कल्याण नगर का अंडरपास बनाने का काम किया, हालांकि अंडरपास आसानी से नहीं बनाए जाते।
राजे ने कहा कि हमने रिंग रोड का काम शुरू किया था तो कई मुश्किलें आईं थीं, लेकिन उन्हें सुलझा दिया। अभी रिंग रोड का आधा ही काम हुआ है, मुझे लगा की नई सरकार इसे पूरा कर देगी। लेकिन यह रिंग रोड आज भी वैसे ही पड़ा हुआ है। अब हमारी सरकार आएगी तो उसे पूरा करने का काम नितिन गडकरी जी के साथ बैठकर होगा। बीसलपुर का पानी शुरू किया तो अपने समय में किया। ईआरसीपी का काम शुरू करेंगे तो सभी कॉलोनी में बीसलपुर का अथाह पानी मिलेगा।
द्रव्यवती नदी को लेकर कही यह बात
वसुंधरा राजे ने कहा कि द्रव्यवती नदी के क्या हालत हो गए हैं, जयपुर में सुंदर जगह बन जाएगी जहां सब इंजॉय करेंगे, यह सोचकर काम किया, लेकिन नहीं हुआ। जो काम हुआ था, वह भी खत्म हो गया। आज फिर से गंदे नाले का रूप लेकर वहां कचरा पड़ा हुआ है। अपनी सरकार आएगी, इसे बदलने का काम जरूर कोई ना कोई करेगा। वर्ल्ड ट्रेड के सामने बगीचा और वाकिंग ट्रेक बनाया, इसका विरोध हुआ, लेकिन फिर भी आज बनकर तैयार है। गंदगी को हटाकर बगीचा लगाया, आज ऐसी जगह बन गया कि जयपुर की इज्जत बन गई है। अंत में वसुंधरा राजे ने कालीचरण सराफ को 50 हजार मतों से जिताने की जनता से अपील की।
