दिल्ली पुलिस ने दोनों आरोपियों को अरेस्ट कर लिया है। मनीष उर्फ राहुल नाम के शख्स ने लड़की से छेड़छाड़ का विरोध किया था। इसका खामियाजा उसे और उसके परिवार को भुगतना पड़ा। शुक्रवार रात नौ बजे इस वारदात को अंजाम दिया गया।
एनसीआई@नई दिल्ली
दिल्ली के सुंदर नगरी इलाके में एक लड़की को छेड़छाड़ से बचाने के लिए आगे आना मनीष उर्फ राहुल के लिए जानलेवा बन गया। इसी इलाके के ही रहने वाले बदमाशों अरबाज और सलमान ने शुक्रवार रात चाकू घोंपकर उसकी हत्या कर दी। खुलेआम हुई इस वारदात से मनीष के परिजनों का तो रो रोकर बुरा हाल है ही, मोहल्लेवासी भी सहमे हुए हैं। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। अरबाज और सलमान दोनों सगे भाई हैं।

पुलिस के अनुसार, मृतक और आरोपी एक-दूसरे को पहले से जानते थे। आरोपियों के खिलाफ पहले से भी कई मामले दर्ज हैं। सुंदर नगरी स्थित मुर्गा मार्केट में अन्नपूर्णा रेस्टोरेंट के पास मनीष को दोनों भाईयों ने चाकू मारा था। पुलिस को घटना की सूचना देने वाले मनीष के चाचा कृष्ण कुमार ने बताया कि सलमान और उसका भाई अरबाज गली नम्बर-1, सुंदर नगरी के पास एक लड़की को परेशान कर रहे थे। मनीष ने बीच-बचाव किया और दोनों भाइयों को डांटा। इस समय तो दोनों भाई वहां से चले गए।

आधे घंटे बाद दिया वारदात को अंजाम
इसके करीब आधे घंटे बाद उसे सूचना मिली कि सलमान और अरबाज दोनों मनीष से झगड़ रहे हैं। इस पर मौके पर पहुंचने पर देखा कि अरबाज मनीष को पकड़े हुए था और सलमान ने उसकी गर्दन के दाहिने हिस्से पर धारदार हथियार से वार किया। इसके बाद वे फरार हो गए। मनीष को जीटीबी अस्पताल ले जाया गया। वहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मामले में सम्बंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। साथ ही हत्या में इस्तेमाल किए गए हथियार को भी बरामद कर लिया।

