अखिलेश यादव की पत्नी और मैनपुरी सांसद डिम्पल यादव के कन्नौज में प्रतिनिधि रहे नवाब सिंह यादव को पुलिस ने रंगे हाथों एक नाबालिग से दुष्कर्म के प्रयास के आरोप में गिरफ्तार किया है।इससे पहले अयोध्या में एक नाबालिग से दुष्कर्म के आरोप में गिरफ्तार सपा नेता मोईद खान जेल में है।
एनसीआई@लखनऊ
उत्तर प्रदेश में अयोध्या के बाद अब कन्नौज में भी समाजवादी पार्टी का एक और बड़ा नेता नवाब सिंह यादव नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में गिरफ्तार हुआ है। इसे दुष्कर्म के प्रयास के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। नवाब सिंह कन्नौज में सांसद डिम्पल यादव का प्रतिनिधि रहा है। जानकारी के मुताबिक, नाबालिग को रविवार रात आरोपी ने नौकरी देने के नाम पर उसके कॉलेज में बुलाया था। वहां वह उसकी बुआ के साथ गई थी। वहीं से बच्ची ने 112 नम्बर पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंच यह गिरफ्तारी की। अदालत ने उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
नवाब सिंह यादव समाजवादी पार्टी का पूर्व ब्लॉक प्रमुख है। रात करीब डेढ़ बजे सूचना मिलने पर एसपी अमित कुमार आनंद के नेतृत्व में पुलिस जब उसके कॉलेज चौधरी चंदन सिंह महाविद्यालय में पहुंची तो नाबालिग के ऊपरी कपड़े उतरे हुए थे। एसपी ने उससे इसका कारण पूछा तो उसने ये कपड़े नवाब सिंह के द्वारा उतारे जाने की बात कही। यही नाबालिग पुलिस को उस कमरे में ले गई, जहां नवाब सिंह यादव एक पलंग पर अंडर वियर पहन कर लेटा हुआ था। उसके सामने रखी हुई कुर्सी पर एक महिला बैठी हुई थी। नवाब सिंह ने उसका हाथ पकड़ा हुआ था।
पुलिस उस कमरे में घुसी तब भी नवाब सिंह जरा भी नहीं घबराया। मगर महिला उसका हाथ छोड़ और उठ खड़ी हुई। नवाब सिंह इस बात का जवाब नहीं दे पाया कि वह इतनी रात को महिला और लड़की के साथ कॉलेज में क्या कर रहा था। एसपी आनंद ने महिला से उसके और नवाब सिंह के रिश्ते के बारे में पूछा, मगर उसने कोई जवाब नहीं दिया।
लड़की ने पुलिस को यह बताया
वहीं, लड़की ने बताया कि वह चौधरी चंदन सिंह महाविद्यालय में नौकरी के लिए बुलाए जाने पर रात 9 बजे के पहले आ गई थी। मगर लेट हो जाने पर उससे कहा गया कि मॉर्निंग में चले जाना। इसके बाद नवाब सिंह ने उसके ऊपरी कपड़े उतार कर गलत काम करने का प्रयास किया। तब वह किसी बहाने से बाहर चली आई और पुलिस को 112 नम्बर पर फोन कर दिया। इस पर तुरंत थाना पुलिस और पीवीआर मौके पर पहुंची और कार्रवाई की।
सपा कार्यकर्ताओं ने की हंगामे की कोशिश
इस मामले की जानकारी मिलते ही कन्नौज में हड़कम्प मच गया। पीड़िता की मां की शिकायत पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज की। नाबालिग लड़की का मेडिकल परीक्षण कराया गया और उसके बयान दर्ज किए गए।
दूसरी और नवाब सिंह के खिलाफ की गई इस कार्रवाई की जानकारी मिलने पर सुबह बड़ी संख्या में उसके समर्थक और समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता थाने में पहुंच गए और हंगामा करने लगे। मगर वहां खासी संख्या में सुरक्षा बल होने से उनकी कुछ भी नहीं चली और उन्हें लौटना पड़ा।
समाजवादी पार्टी का नेता मानने से इनकार
दूसरी और अखिलेश यादव ने नवाब सिंह यादव को पार्टी का नेता मानने से इनकार कर दिया। उनका कहना था कि पार्टी विरोधी गतिविधियों के आरोप में उसे 5 साल पहले निकाल दिया गया था। मगर समाजवादी पार्टी की प्रवक्ता जूही सिंह ने नवाब सिंह की गिरफ्तारी को वरिष्ठ कार्यकर्ता के खिलाफ पुलिस की गलत कार्रवाई बताया और आलोचना की। अखिलेश ने नवाब सिंह को पार्टी का नेता नहीं बताया, मगर लोकसभा चुनाव के समय नवाब सिंह सभाओं में मंच पर अखिलेश के पीछे खड़ा हुआ नजर आ रहा है। कुछ समय पहले नवाब सिंह की मां की जब मृत्यु हुई थी, तब भी पार्टी के अधिकृत ट्विटर हेंडल से उसे वरिष्ठ नेता बताते हुए दुख जताया गया था।
