एनसीआई@बूंदी
‘हरियालो राजस्थान’ अभियान का गुरुवार को जिला कलक्टर हरफूल सिंह यादव ने हिंडोली पंचायत समिति की तालाब गांव पंचायत में छायादार पौधा लगाकर शुभारम्भ किया। इसका उद्देश्य पर्यावरण संतुलन और हरियाली को बढ़ावा देना है।

इस मौके पर जिला कलक्टर ने ग्रामीणों से कहा कि हमें अपने जीवन में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए। प्रकृति का संरक्षण एवं संवर्धन करना हम सब की जिम्मेदारी है। हमें न केवल पौधारोपण करना है, बल्कि लगाए जाने वाले पौधों का संतान की तरह पालन-पोषण भी करना है। उन्होंने कहा कि आज के लगाए गए पौधे कल वृक्ष का रूप लेंगे तो आने वाली हमारी पीढ़ियां हमारा धन्यवाद करेंगी। वर्तमान में हो रहे जलवायु परिवर्तन में वृक्षों की रक्षा व अधिकाधिक पौधरोपण करना हम सब की नैतिक जिम्मेदारी है।

जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी रमेश देव ने बताया कि हरियालो राजस्थान अभियान के तहत प्रथम दिन गुरुवार को ग्रामीण विकास एवं पंचायतीराज विभाग द्वारा जिले की 182 ग्राम पंचायतों में प्रति ग्राम पंचायत 501 पौधों का रोपण किया गया। उन्होंने बताया कि आगामी दिन में विभिन्न विभागों द्वारा सामूहिक रूप से पौधरोपण कार्य किया जाएगा। पौधरोपण का यह कार्यक्रम 11 अगस्त तक महाअभियान के रूप में आयोजित किया जाएगा। साथ ही प्रत्येक पौधे की जियो टेगिंग भी की जाएगी। इसके लिए जिला स्तर से दिनांक वार केलेंडर जारी किया गया है। पौधरोपण के ब्लॉक स्तरीय कार्यक्रम के दौरान अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी मज़हर इमाम ने विद्यालयी बच्चों को पौधारोपण का महत्व बताया साथ ही बच्चों को अधिकाधिक पौधरोपण में सहभागिता निभाने की अपील की। उन्होंने बताया कि ग्रामीण विकास एवं पंचायतीराज विभाग के द्वारा 31 जुलाई को भी पौधारोपण महाअभियान चलाकर प्रति ग्राम पंचायत एक-एक हजार पौधों का रोपण किया जाएगा।

पौधरोपण के लिए कार्यक्रम तय
जिला कलक्टर ने बताया कि बूंदी जिले में वित्तीय वर्ष 2026-27 के दौरान विभिन्न विभागों की सहभागिता से कुल 23 लाख 64 हजार 612 पौधों का रोपण किया जाएगा। इसके लिए विभिन्न विभागों के लिए समय तय किया जा चुका है। उन्होंने बताया कि बूंदी जिले में 28 जुलाई को चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग, सहकारिता विभाग व आयुर्वेद विभाग द्वारा पौधरोपण किया जाएगा। इसी प्रकार 29 जुलाई को सार्वजनिक निर्माण विभाग व जल संसाधन विभाग, 30 जुलाई को स्वायत्त शासन विभाग, परिवहन विभाग, युवा मामले एवं खेल विभाग, श्रम विभाग व जन स्वास्थ्य एवं अभियांत्रिकी विभाग द्वारा पौधरोपण किया जाएगा। इसी प्रकार 31 जुलाई को पंचायती राज विभाग, शिक्षा विभाग, पुलिस, गृह विभाग, 3 अगस्त को राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण, राजस्थान राज्य सड़क विकास एवं निर्माण निगम व राजस्थान स्टेट हाईवे अथॉरिटी, 4 अगस्त को राजस्थान राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, 5 अगस्त को उद्यानिकी विभाग कृषि विभाग व पशुपालन विभाग, 6 अगस्त को वन विभाग, 7 अगस्त को खान एवं भूविज्ञान विभाग, राजस्व विभाग, उद्योग एवं वाणिज्य विभाग तथा 11 अगस्त को एकीकृत बाल विकास विभाग, महिला अधिकारिता विभाग द्वारा हरियालो राजस्थान अभियान के तहत लक्ष्य अनुसार पौधरोपण किया जाएगा।
