बीजेपी में शामिल होने के बाद मृत्युंजय तिवारी को प्रवक्ता का पद ही मिलता है या फिर कोई और जिम्मेदारी दी जाती है, यह देखने वाली बात होगी।
एनसीआई@नई दिल्ली
आरजेडी के प्रवक्ता रहे मृत्युंजय तिवारी ने अपना दूसरा ठिकाना ढूंढ लिया है। बहुत जल्द वे भारतीय जनता पार्टी में शामिल होंगे। यह अलग बात है कि इसकी अभी कोई तारीख अभी तय नहीं हुई है, लेकिन यह तय हो गया है कि वे बीजेपी का ही दामने थामने जा रहे हैं।
मृत्युंजय तिवारी आरजेडी के अच्छे प्रवक्ताओं में से एक थे। लालू यादव ने उन्हें जिम्मेदारी दी थी जिसके बाद से वे उसका निर्वहण कर रहे थे। अब बीजेपी में शामिल होने के बाद उन्हें पार्टी में प्रवक्ता का पद ही मिलता है या फिर कोई और जिम्मेदारी दी जाती है यह देखने वाली बात होगी।
हाल के समय में देखें तो बीजेपी में सदस्यता लेने वालों की संख्या लगातार बढ़ रही है। अभी कुछ दिनों पहले ही जन सुराज के कई नेताओं ने बीजेपी का दामन थामा था। इससे पहले आरजेडी की रितु जायसवाल भी बीजेपी में शामिल हुईं थीं, अब मृत्युंजय तिवारी भी आरजेडी से ही बीजेपी में आ रहे हैं।
मृत्युंजय तिवारी ने छोड़ी थी पार्टी
उल्लेखनीय है कि 16 जुलाई (2026) को आरजेडी से इस्तीफा देने के बाद मृत्युंजय तिवारी ने अपना वीडियो बयान जारी किया था। इसमें उन्होंने कई आरोप लगाए थे। उन्होंने कहा था कि वे पार्टी में 2014 से अपनी जिम्मेदारी निभा रहे थे। उनके मान-सम्मान का कद्र नहीं किया गया। उन्होंने यहां तक कहा था कि पार्टी के ही कुछ लोग पार्टी को दीमक की तरह खोखला कर रहे हैं, हालांकि उन्होंने अपने बयान में किसी का नाम नहीं लिया था।
‘अपमानित होकर कोई राजनीति नहीं…’
मृत्युंजय तिवारी ने अपने बयान में यहां तक कहा था कि उन्होंने अपनी समस्या कई बार तेजस्वी यादव को भी बताई थी, लेकिन संज्ञान नहीं लिया। मृत्युंजय तिवारी ने खुद को समर्पित कार्यकर्ता बताते हुए कहा था कि अपमानित होकर कोई राजनीति नहीं कर सकता है।
