केन्द्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने विपक्ष और भारत-विरोधी गिरोहों पर देश में बांग्लादेश और फ्रांस जैसी हिंसा भड़काने की साजिश रचने का आरोप लगाया है।
एनसीआई@सेन्ट्रल डेस्क
केन्द्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने रविवार को विपक्ष और भारत-विरोधी गिरोहों पर देश में हिंसा और अशांति भड़काने की साजिश रचने का गम्भीर आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि भारत में ठीक वैसे ही प्रदर्शन और दंगे कराने की कोशिश की गई, जैसे बांग्लादेश और हाल ही में फ्रांस में देखने को मिली।
एक्स पोस्ट के जरिए रिजिजू ने दावा किया कि कुछ राजनेताओं और जनविरोधी तत्वों ने मिलकर युवाओं को उकसाया और सड़कों पर हिंसा, आगजनी व लूटपाट फैलाने का प्रयास किया।
‘भारत नहीं है बांग्लादेश और फ्रांस’
केन्द्रीय मंत्री रिजिजू ने कहा कि, इस खतरनाक साजिश को रचने वाले यह भूल गए कि भारत न तो बांग्लादेश है और न ही फ्रांस। भारत में सत्ता परिवर्तन पूरी तरह संभव है, लेकिन यह केवल निष्पक्ष चुनावों के माध्यम से होगा, सोरोस के जरिए नहीं। अपने बयान के साथ केन्द्रीय मंत्री ने एक वीडियो भी साझा किया, जिसमें AISA अध्यक्ष नेहा बोरा और वरिष्ठ अधिवक्ता प्रशांत भूषण सत्ता परिवर्तन की वकालत करते दिख रहे हैं।
विपक्ष ने सत्ता परिवर्तन की कही थी बात
रिजिजू का यह बयान ऐसे समय में आया है जब दिल्ली में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं। इन प्रदर्शनों के दौरान विपक्षी नेताओं और छात्र संगठनों ने सत्ता परिवर्तन का जिक्र किया था, जिसे लेकर नया राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया।
