
एनसीआई@मुम्बई/कोटा
टाइगर श्रॉफ की कार पर हुई फायरिंग के मामले में जांच का दायरा राजस्थान तक पहुंच गया है। कोटा पुलिस ने कोटा के रेलवे कॉलोनी थाना इलाके से तीनों संदिग्धों को हिरासत में लिया है। ये आरोपी पुणे-जयपुर सुपरफास्ट एक्सप्रेस से आज सोमवार सुबह यहां पहुंचे थे। इनमें से दो रेहान और एक नाबालिग हरियाणा के सोनीपत निवासी हैं, वहीं ऋतिक बिहार निवासी हैं। बाकी दो की उम्र 20-25 साल के बीच बताई गई है। कोटा सिटी एसपी तेजस्विनी गौतम ने पत्रकार वार्ता में यह जानकारी दी।

कोटा एसपी तेजस्विनी गौतम के मुताबिक, मुम्बई पुलिस से सुबह सूचना मिलते ही डीएसपी और साइबर सेल की टीम ने महज 15 मिनट में जाल बिछाया और पूरी ट्रेन की तलाशी लेकर तीनों को पकड़ लिया। पुलिस ने बताया कि तीनों आरोपी नेपाल भागने के फिराक में थे। एसपी ने कहा कि इनके कब्जे से अभी कोई हथियार बरामद नहीं हुए हैं, लेकिन पूछताछ की जाएगी कि इन्होंने उन हथियारों का क्या किया। वारदात के बाद ये लोग तुरंत रवाना हो गए थे। आगे दिल्ली पहुंच कर इनकी नेपाल भागने के प्लानिंग थी। इन्हें अब मुम्बई पुलिस को सौंपा जाएगा।

उल्लेखनीय है कि अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर जुहू इलाके में कल रविवार सायं तीन बाइक सवार हमलावरों ने ताबड़तोड़ फायरिंग की थी। इस हमले की जिम्मेदारी लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने ली है।
टाइगर श्रॉफ की कार पर हुई फायरिंग का एक नया वीडियो भी सामने आया है। इस वीडियो में उनकी कार के ठीक सामने खड़े युवक ताबड़तोड़ फायरिंग करते नजर आ रहे हैं। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है।
