February 16, 2026

News Chakra India

Never Compromise

ग्रेटर हैदराबाद नगर निगम चुनाव: वार्ड नम्बर 26 के सभी 69 मतदान केन्द्रों में पुनर्मतदान का आदेश

ग्रेटर हैदराबाद नगर निगम चुनाव: वार्ड नम्बर 26 के सभी 69 मतदान केन्द्रों में पुनर्मतदान का आदेश

हैदराबाद। ग्रेटर हैदराबाद नगर निगम (जीएचएमसी) के वार्ड नम्बर 26 के सभी 69 मतदान केन्द्रों में पुनर्मतदान कराया जाएगा। यह आदेश तेलंगाना राज्य निर्वाचन आयोग (एसईसी) ने दिया है। वहीं जीएचएमसी चुनाव के लिए मंगलवार को अपराह्न एक बजे तक 18.20 प्रतिशत मतदान हुआ। एक आधिकारिक विज्ञप्ति में बताया गया कि तेलंगाना राज्य निर्वाचन आयोग (एसईसी) ने वार्ड नम्बर 26 के सभी 69 मतदान केन्द्रों में पुनर्मतदान का आदेश दिया है। मतपत्र पर भाकपा के बजाए माकपा का चुनाव चिह्न छप जाने के कारण यह फैसला किया गया है। सभी 69 मतदान केन्द्रों पर तीन दिसम्बर को सुबह सात बजे से शाम छह बजे तक मतदान होगा।भाकपा ने इस सम्बन्ध में निर्वाचन अधिकारियों से शिकायत की थी। आयोग ने पुनर्मतदान के लिए निर्वाचन प्राधिकार और जीएचएमसी को दूसरे निर्वाचन अधिकारी को तैनात करने का निर्देश दिया है। एसईसी ने कहा कि पुनर्मतदान के मद्देनजर जीएचएमसी चुनाव पर एक्जिट पोल के प्रकाशन, प्रसारण पर तीन दिसम्बर की शाम छह बजे तक प्रतिबंध रहेगा। अपराह्न एक बजे तक 18.20 प्रतिशत मतदान हुआ। मतदान सुबह सात बजे शुरू हुआ लेकिन दोपहर बाद ही इसमें कुछ रफ्तार आई।
केन्द्रीय गृह राज्य मंत्री जी किशन रेड्डी, सत्तारूढ़ टीआरएस के कार्यकारी अध्यक्ष और तेलंगाना के नगर प्रशासन मंत्री के टी रामा राव तथा अभिनेता-नेता चिरंजीवी ने सुबह अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। जीएचएमसी के 150 वार्ड के लिए मतदान सुबह सात बजे शुरू हुआ और यह शाम छह बजे तक चलेगा। इस चुनाव में कुल 74,44,260 मतदाता हैं और कुल 1,122 उम्मीदवार मैदान में हैं।
चुनाव में मुख्य मुकाबला सत्तारूढ़ टीआरएस, विपक्षी भाजपा और कांग्रेस के बीच है। चुनाव के लिए सभी दलों ने जोरदार प्रचार किया था। तेलंगाना राज्य निर्वाचन आयोग (एसईसी) ने सुचारू मतदान प्रक्रिया सुनिश्चित करने के लिए 48,000 मतदान कर्मियों और 52,500 पुलिसकर्मियों की तैनाती की है। महामारी के मद्देनजर आयोग ने विशेष इंतजाम भी किए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.