April 19, 2026

News Chakra India

Never Compromise

नकली मसाला बनाने की फेक्ट्री का राजफाश, मिला रहे थे गधे की लीद और एसिड

नकली मसाला बनाने की फेक्ट्री का राजफाश, मिला रहे थे गधे की लीद और एसिड

एनसीआई@हाथरस(उत्तर प्रदेश)
अधिक धन कमाने के लालच में अंधे हुए मिलावटखोर इस के चक्कर में किसी भी हद तक गिरने को तैयार हैं। वे खाद्य पदार्थों में धड़ल्ले से ऐसी मिलावट कर देते हैं, जो मनुष्य के स्वास्थ्य के लिए तो बेहद हानिकारक हैं ही, नैतिकता के मापदंडों पर तो कहीं भी नहीं ठहरते हैं। ऐसा ही एक मामला उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले में भी सामने आया है।
इस मामले में बड़ी बात यह है कि मिलावटखोर नकली मसाले बनाने में भूसा और अखाद्य रंगों के अलावा गधे की लीद व एसिड तक का इस्तेमाल कर रहे थे। ऐसे मसाले बनाकर इन्हें विभिन्न नामी कम्पनियों के रैपर में पैक कर बाजार में सप्लाई किया जा रहा था। हाथरस पुलिस ने ऐसी एक नकली मसाले बनाने वाली फैक्ट्री का खुलासा किया है। हाथरस कोतवाली सदर इलाके के नवीपुर में चल रही मिलावटी मसाला बनाने की फेक्ट्री पर ज्वॉइंट मजिस्ट्रेट ने एफडीए की टीम के साथ छापा मारा। इस कार्रवाई में भारी मात्रा में नकली मसाला बनाने का सामान भी बरामद किया गया। यह फेक्ट्री के मालिक अनूप वार्ष्णेय को पुलिस ने मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। साथ ही ज्वॉइंट मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में फेक्ट्री को सील कर दिया गया। फेक्ट्री संचालक को फिलहाल शांति भंग के आरोप में गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। वहां से लिए गए 27 से अधिक नमूनों को परीक्षणों के लिए भेजा गया है। लेब से रिपोर्ट आने के बाद खाद्य सुरक्षा के तहत प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।
ज्वॉइंट मजिस्ट्रेट ने यह बताया
ज्वॉइंट मजिस्ट्रेट प्रेम प्रकाश मीणा ने बताया कि स्थानीय ब्रांडों के नाम पर 300 किलोग्राम से अधिक नकली मसाले जब्त किए गए हैं। उन्होंने कहा कि छापे के दौरान नकली मसालों को तैयार करने के लिए इस्तेमाल किए जाने वाली कई सामग्री बरामद की गई है। इनमें गधे का गोबर, भूसा, अखाद्य रंग और एसिड से भरे ड्रम शामिल हैं। दबिश के दौरान भारी मात्रा में नकली मसाले जैसे कि धनिया, हल्दी, लाल मिर्च, गरम मसाला इत्यादि भंडारित किए हुए पाए गए। खाद्य विभाग के अधिकारियों के अनुसार, ऐसे मिलावटी खाद्य पदार्थ स्वास्थ्य के लिए काफी हानिकारक होते हैं।
यह हुई मौके से जब्ती
अधिकारियों के अनुसार, छापे के दौरान मौके पर विभिन्न ब्रांड के करीब 1000 खाली पैकेट और करीब 100 पैकेट भरे हुए मसालों के पाए गए। जब फेक्टरी मालिक अनूप वार्ष्णेय से इन ब्रांडों के लाइसेंस संबंधी कागजात मांगे गए तो मौके पर वह कोई भी लाइसेंस सम्बन्धी कागज प्रस्तुत नहीं कर पाया। इस पर एसडीएम ने फेक्ट्री को सील कर दिया गया। अनूप वार्ष्णेय निवासी चौबे वाली गली की नवीपुर में यह अवैध मसाला फेक्ट्री चल रही थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.