27 वर्षीय युवक की एक दिन के अंतराल में अलग-अलग रिपोर्ट: पहली में पॉजिटिव तो दूसरी में नेगेटिव
एनसीआई@कोटा
शहर के बजरंग दाल मिल, कोटड़ी क्षेत्र के निवासी एक 27 वर्षीय युवक की एक ही दिन के अंतराल में आई दो अलग-अलग कोरोना जांच रिपोर्ट ने पूरे परिवार को बुरी तरह उलझा कर डाल दिया है। वे बुरी तरह सदमे में भी हैं। समझ नहीं पा रहे हैं कि क्या निर्णय लें? पहली जांच रिपोर्ट तो पॉजिटिव आई थी, वहीं इस रिपोर्ट के आने के ठीक बाद करवाई गई दूसरी जांच रिपोर्ट नेगेटिव आई है।
आदित्य झंवर किसी कम्पनी में जॉब करते हैं। उन्होंने बताया कि उनके पिता पहले से ही संक्रमित होने से घर पर ही आइसोलेशन में हैं। इस पर उन्होंने भी एहतियातन 10 मई को नयापुरा बस स्टेंड पर अपनी जांच के लिए सेम्पल दिया। इसकी 11 मई को आई रिपोर्ट में उन्हें पॉजिटिव बताया गया। इससे वे सब चिंतित हो गए, आदित्य का कहना है कि हालांकि उन्हें कोरोना के कोई भी लक्षण नहीं थे। इस पर उन्होंने उसी दिन 11 मई को आलुवालिया बस स्टेंड(नए बस स्टेंड) पर जांच के लिए सेम्पल दिया। आज 12 मई को उसकी रिपोर्ट आई, जिसमें उन्हें नेगेटिव बताया गया है। अब वे बड़ी उलझन में हैं। आदित्य का कहना है कि बिना किसी लक्षण के बावजूद पहली रिपोर्ट पॉजिटिव आ जाने से वह अपने काम पर भी नहीं जा पा रहे हैं। इस बात की लिखित शिकायत वह जिला कलक्टर और सीएमएचओ को भी भेजेंगे।
दूसरी ओर अपने घर के एकमात्र कमाऊ सदस्य की भी पहली रिपोर्ट पॉजिटिव आने से उनका पूरा घर सदमे में है।
