April 22, 2026

News Chakra India

Never Compromise

राजस्थान : बिजली गिरने से दो चचेरी बहनों सहित 4 की मौत, 14 जिलों में पारा 40 के पार, अधिकतर शहर रहे सूखे, जयपुर, नागौर, भरतपुर में तेज बारिश

राजस्थान : बिजली गिरने से दो चचेरी बहनों सहित 4 की मौत, 14 जिलों में पारा 40 के पार, अधिकतर शहर रहे सूखे, जयपुर, नागौर, भरतपुर में तेज बारिश

एनसीआई@जयपुर/कोटा

राजस्थान में शनिवार को भी अच्छी बारिश का इंतजार रहा। अधिकतर शहर पूरी तरह सूखी रहे, इससे तेज उमस और गर्मी से जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त रहा। 14 जिलों में पारा 40 डिग्री के पार पहुंच गया। दिन भर तपने के बाद राजधानी जयपुर रात को तेज बारिश से पूरी तरह भीग गई। वही भरतपुर के बयाना इलाके में आकाशीय बिजली गिरने से दो मासूम चचेरी बहनों की मौत हो गई। ‌इनकी 35 वर्षीय चाची बुरी तरह झुलस गई। नागौर जिले के एक गांव में खेत पर काम कर रहे 18 वर्षीय युवक की जान चली गई। कोटा के इटावा इलाके के एक गांव में एक बालक की मौत हो गई, तीन अन्य झुलस गए।

इससे पहले दोपहर बाद भरतपुर, सीकर और नागौर जिले में भी मौसम बदला। इसके बाद इनमें बारिश शुरू हो गई। भरतपुर में बयाना इलाके के अगावली गांव में आकाशीय बिजली गिरने से 2 मासूम चचेरी बहनों की मौत हो गई। 35 वर्षीय उनकी चाची सरोज झुलस गई। मृतकों में 14 साल की काजल व 16 साल की कुषमा शामिल हैं। ये तीनों खेत में गई थीं, तभी हादसा हो गया। इसी तरह, नागौर में रोल थाना इलाके के एवाद गांव में खेत में काम कर रहे 18 वर्षीय रविंद्र की मौत हो गई। कोटा में इटावा के रनोदिया गांव में में आकाशीय बिजली गिरने से एक बालक की मौत हो गई। इनके अलावा तीन जने झुलस गए।

बीकानेर, चूरू, अलवर, धौलपुर, टोंक में भी शाम साढ़े पांच बजे तक हल्की बारिश हुई। वहीं, कई अन्य जिलों को लेकर मौसम विभाग के अनुमान गलत साबित हुए। जयपुर में पिछले रविवार 11 जुलाई को मूसलाधार बारिश हुई थी। इसमें आमेर में बिजली गिरने से 11 लोगों की मौत हो गई थी। इसके बाद शनिवार देर रात बादल बरसे। जबकि कई जिलों में तेज गर्मी से आम जीवन बदहाल रहा। सुबह से गर्मी ने तेजी दिखानी शुरू कर दी थी। जयपुर में भी दिनभर तेज धूप और उमस से हाल बेहाल रहा।

जयपुर-जोधपुर सम्भाग के कुछ इलाकों में बौछारें सम्भव

मौसम विभाग के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने जयपुर में देर रात बारिश की सम्भावना व्यक्त की थी, ऐसा ही हुआ भी। उन्होंने बताया कि अगले 24 से 48 घंटे के दौरान उत्तरी पूर्वी राजस्थान में एक साइक्लोनिक सर्कुलेशन सिस्टम के बनने की सम्भावना है। पूर्वी राजस्थान के भरतपुर और जयपुर सम्भाग में कहीं-कहीं भारी बारिश होने के आसार अगले तीन-चार दिन तक बने रहेंगे। मौसम विभाग के मुताबिक 18 व 19 जुलाई को साइक्लोनिक सर्कुलेशन सिस्टम का सबसे ज्यादा असर पूर्वी राजस्थान में रहेगा। इस दौरान कई जगहों पर भारी बारिश होने का पूर्वानुमान है। इसके अलावा पश्चिमी राजस्थान में भी बीकानेर व जोधपुर सम्भाग के कुछ स्थानों पर बारिश होगी। कहीं-कहीं वज्रपात की भी आशंका है।

पाली सबसे गर्म

शनिवार को पाली में 42.5 डिग्री, श्रीगंगानगर व धौलपुर में 42.2 डिग्री, नागौर में 41.5 डिग्री, बाड़मेर में 41.8 डिग्री, वनस्थली टोंक में 41.2 डिग्री, फलौदी में 41.6 डिग्री, सवाई माधोपुर में 41.4 डिग्री तापमान रहा। इसी तरह, जैसलमेर में 40.2 डिग्री, जोधपुर में 40 डिग्री, बीकानेर में 40.5 डिग्री, पिलानी में 40.2 डिग्री, टोंक में 40.3 डिग्री व बूंदी में 40.1 डिग्री पारा पहुंच गया। इसके अलावा जयपुर में 39 डिग्री, कोटा में 39.7 डिग्री, चुरू में 39.5 डिग्री, भीलवाड़ा में 38.4 डिग्री, अलवर में 39.2 डिग्री, सीकर में 38.5 डिग्री, चित्तौड़गढ़ में 37.4 डिग्री और उदयपुर में सबसे कम 35.4 डिग्री तापमान दर्ज हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.