असम: दो कोरोना वेरिएंट से एक साथ संक्रमित हुईं डॉक्टर, भारत में सम्भवतया पहला ऐसा मामला
असम के डिब्रूगढ़ जिले में ICMR-RMRC के नोडल अधिकारी डॉ. विश्वज्योति बोरकाकोटि ने एक महिला डॉक्टर के दो कोरोना वेरिएंट से संक्रमित होने की पुष्टि की है। वह इसे भारत का पहला ऐसा मामला मान रहे हैं।
एनसीआई@नई दिल्ली/गुवाहाटी
कोरोना वायरस जिस तरह से रूप बदल रहा है उससे टेंशन बढ़ती जा रही है। अब असम की राजधानी गुवाहाटी से ऐसी ही एक बड़ी खबर आई है। वहां एक महिला डॉक्टर कोरोना के डबल वेरिएंट (COVID-19 variant) से संक्रमित मिली हैं। एक ही समय पर किसी का दो कोरोना वेरिएंट से संक्रमित होने का यह भारत का पहला मामला माना जा रहा है। चौंकाने वाली बात यह भी है कि इन महिला डॉक्टर को कोरोना वेक्सीन की दोनों डोज लग चुकी हैं। उनके सेम्पल में अल्फा और डेल्टा दोनों वेरिएंट मिले हैं।
दुनिया में सबसे पहला ऐसा मामला बेल्जियम में सामने आया था। वहां 90 साल की एक महिला को एक ही समय पर अल्फा और बीटा वेरिएंट से संक्रमित पाया गया था। बाद में उनकी मौत हो गई थी। उस महिला को मगर कोरोना टीका नहीं लगा हुआ था।
असम के डिब्रूगढ़ जिले में ICMR-RMRC के नोडल अधिकारी डॉ. विश्वज्योति ने बताया कि महिला डॉक्टर के पति को कोरोना हुआ था। इसके बाद इन महिला डॉक्टर का टेस्ट हुआ तो उनकी भी रिपोर्ट पॉजिटिव आई। डॉ. विश्वज्योति ने कहा कि रिपोर्ट में पाया गया कि महिला डॉक्टर एक साथ कोरोना के अल्फा और डेल्टा दोनों वेरिएंट से संक्रमित हैं। वहीं पति के सेम्पल में सिर्फ अल्फा वेरिएंट मिला है। रिजल्ट को कन्फर्म करने के लिए दो बार टेस्ट किया गया था। जानकारी के मुताबिक, महिला डॉक्टर को कोरोना के बेहद हल्के लक्षण हैं। उनकी हालत ठीक है और फिलहाल उन्हें हॉस्पिटल में भर्ती भी नहीं किया गया है।
