घर के बाहर खेल रही 4 साल की मासूम को उठा अपने घर ले गया युवक, परिजनों ने दिखाई सतर्कता
एनसीआई@अजमेर
अजमेर के गंज थाना क्षेत्र में एक युवक अपने पड़ोस में घर के बाहर खेल रही 4 साल की मासूम बालिका को अपने घर ले गया। वहां उससे दुराचार का प्रयास किया। मगर इसी बीच परिजनों को समय पर पता चल जाने से उन्होंने बच्ची को इस वहशी के हाथों से बचा लिया। साथ ही आरोपी को पुलिस के हवाले कर दिया गया। आरोपी युवक की उम्र करीब 28 साल है। बालिका उसे अंकल बोला करती थी।
पुलिस के अनुसार, पीड़िता के पिता ने दी रिपोर्ट में बताया कि सोमवार शाम को अपने घर के बाहर अन्य बच्चों के साथ खेल रही 4 साल की बेटी जब नहीं मिली तो अन्य बच्चों से पूछताछ की। इस पर इन बच्चों ने पड़ोस में रहने वाले अंकल के उसे ले जाने की बात बताई। इस पर परिजन उसके घर पर पहुंच गए और वहां बालिका के कपडे़ अस्त-व्यस्त मिले। इस पर आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया गया। पुलिस ने पॉक्सो एक्ट में मामला दर्ज कर आरोपी को हिरासत में ले पूछताछ शुरू कर दी गई थी।
