दिल्ली विधानसभा में मिली लाल किले तक जाने वाली रहस्यमई सुरंग

एनसीआई@नई दिल्ली
सालों से उड़ रहीं अफवाहें सच साबित हुई हैं। दिल्ली की विधानसभा में एक रहस्यमयी सुरंग मिली है। यह सुरंग दिल्ली विधानसभा से लाल किले तक जाती है। बताया गया है कि इसी के जरिये अंग्रेज स्वतंत्रता सेनानियों को फांसी पर चढ़ाने के लिए लाल किले के फांसीघर तक शिफ्ट करते थे, ताकि लोगों के विरोध से बचा जा सके।
दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष रामनिवास गोयल ने बताया कि 1993 में जब इस सुरंग को लेकर अफवाह उड़ी थी, तब उन्होंने इसके इतिहास को खोजने की कोशिश की थी, लेकिन तब इसे लेकर कोई स्पष्टता नहीं थी। गोयल ने बताया कि सुरंग का मुंहाना मिल गया है, लेकिन आगे इसे नहीं खोदेंगे। हम जल्द ही इसे फिर से तैयार करेंगे। उन्होंने अागामी 15 अगस्त तक इसका जीर्णोद्धार(रिनोवेशन) पूरा कर लिए जाने की सम्भावना जताई। उन्होंने बताया कि मेट्रो परियोजनाओं और सीवर लाइनों के कारण सुरंग के रास्ते नष्ट हो गए हैं।
दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष रामनिवास गोयल ने सम्बंध में जानकारी दी कि, वर्ष 1912 में राजधानी को कोलकाता से दिल्ली स्थानांतरित करने के बाद दिल्ली विधानसभा को केन्द्रीय विधान सभा के रूप में इस्तेमाल किया गया था। इसके बाद 1926 में इसे एक अदालत में बदल दिया गया। तभी अंग्रेजों ने स्वतंत्रता सेनानियों को अदालत में लाने के लिए इस सुरंग का इस्तेमाल किया। हम सभी फांसी के कमरे के बारे में पहले से जानते थे। हालांकि इसे कभी खोला नहीं गया। अब आजादी का 75 वां साल था, तब मैंने उस कमरे का निरीक्षण करने का फैसला किया था। हम उस कमरे को श्रद्धांजलि स्वरूप स्वतंत्रता सेनानियों के मंदिर के रूप में बदलना चाहते हैं। विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि देश की आजादी से जुड़े दिल्ली विधानसभा के इतिहास को सामने लाने अगले स्वतंत्रता दिवस तक पर्यटकों के लिए फांसी का कमरा खोलने की योजना है। इस पर काम शुरू हो चुका है।
विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम के संदर्भ में इस जगह का बहुत समृद्ध इतिहास है। हम इसे इस तरह से पुनर्निर्मित करने का इरादा रखते हैं कि पर्यटक और आगंतुक हमारे इतिहास को देख सकें।
