बूंदी: दो चरणों में होगी REET परीक्षा – 23 हजार 122 परीक्षार्थी होंगे शामिल
एनसीआई@बूंदी
माध्यमिक शिक्षा बोर्ड राजस्थान अजमेर द्वारा आयोजित की जा रही अध्यापक पात्रता (रीट) परीक्षा 2021 दो पारियों में 26 सितम्बर 2021(रविवार) को प्रथम पारी सुबह 10 बजे से दोपहर 12.30 बजे तक (द्वितीय स्तर) कक्षा 6 से 8 तथा द्वितीय पारी दोपहर 2.30 बजे से सांय 5.00 बजे तक (प्रथम स्तर) कक्षा 1 से 5 आयोजित होगी। प्रत्येक पारी में जिले में 104 परीक्षा केन्द्रों पर 23 हजार 122 परीक्षार्थी भाग लेंगे।
अतिरिक्त जिला कलक्टर एवं परीक्षा समन्वयक एयू खान ने बताया कि परीक्षा के सुचारू संचालन के लिए प्रत्येक केन्द्र पर केन्द्र पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया है। परीक्षा केन्द्रों पर प्रश्न पत्र वितरण के लिए प्रथम पारी में 28 व द्वितीय पारी में 28 अलग अलग पेपर कॉर्डिनेटर की नियुक्ति की गई है। परीक्षा केन्द्रों पर परीक्षा के दौरान निरीक्षण के लिए 28 फ्लाइंग स्क्वायड बनाए गए हैं। प्रत्येक परीक्षा केन्द्र पर सुरक्षा की दृष्टि से पर्याप्त पुलिस बल की नियुक्ति की गई है। प्रत्येेक केन्द्र पर वीडियोग्राफी तथा प्रत्येक संवेदनशील केन्द्रों पर सीसी टीवी निगरानी की व्यवस्था की गई है। माध्यमिक शिक्षा बोर्ड राजस्थान अजमेर के निर्देशानुसार परीक्षार्थी को डाउनलोड किए गए प्रवेश पत्र के साथ मूल फोटो युक्त पहचान पत्र एवं पहचान पत्र की एक स्वप्रमाणित प्रति साथ लानी होगी। इसके अभाव में प्रवेश वर्जित होगा।
मोबाइल एवं अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण वर्जित
परीक्षा भवन में मोबाइल, ब्लूटूथ, पेजर या अन्य इलेक्ट्रोनिक उपकरण लाना तथा घड़ी, चेन, अंगूठी, कान के टॉप्स व लॉकेट पहनकर आना निषेध रहेगा। परीक्षार्थी परीक्षा प्रारम्भ होने के 30 मिनट पूर्व तक केन्द्र पर प्रवेश कर सकेगा।
नियंत्रण कक्ष स्थापित
इस परीक्षा के लिए जिला स्तर पर एक नियंत्रण कक्ष कमरा नं. 35 कलक्ट्रेट कार्यालय में स्थापित किया गया है । इसके प्रभारी नवनीत जैन व्याख्याता रा0उ0मा0वि0 जावटीकला मो0न0 9799013158 हैं। कन्ट्रोल रूम के दूरभाष न0 0747-2940097 हैं। नियंत्रण कक्ष दिनांक 25 सितम्बर को सुबह 6ः00 बजे से 26 सितम्बर परीक्षा समाप्ति तक कार्य करेगा।

अपनायत के साथ अभ्यर्थियों को दी सुविधाएं
रीट परीक्षा के लिए जिले में आने वाले एवं यहां से अन्यत्र जाने वाले विद्यार्थियों के लिए जिला प्रशासन द्वारा निःशुल्क परिवहन, आवास एवं भोजन की व्यवस्था की गई है। सुबह से ही बस स्टेंड और राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में बनाए गए वाहन स्टेंड से विद्यार्थियों के आवागमन का क्रम बना रहा।
जिला कलक्टर रेणु जयपाल ने कई बार निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अभ्यर्थियों को आने-जाने व ठहरने में किसी तरह की परेशानी नहीं आनी चाहिए और ना ही किसी अभ्यर्थी को भूखा रहना पड़े। इसके लिए शहर में 17 स्थानों पर विभिन्न संस्थानों द्वारा भोजन एवं आवास व्यवस्थाएं अभ्यर्थियों के लिए की गई हैं। अपनायत के साथ संस्था सदस्यों ने बढ़-चढ़कर जिला प्रशासन का सहयोग करते हुए अभ्यर्थियों को सुविधाएं दीं।
जिला परिवहन अधिकारी भगवान करमचंदानी, रोडवेज स्टाफ सुबह से ही अभ्यर्थियों के यातायात की व्यवस्थाएं संभाले रहे। अभ्यर्थियों ने इस तरह की सुविधाएं देने पर जिला प्रशासन एवं राज्य सरकार के प्रति धन्यवाद दिया और कहा कि इससे उन्हें बहुत राहत मिली है।
