April 25, 2026

News Chakra India

Never Compromise

6 लाख की चप्पल से नकल की साजिश-5 गिरफ्तार, 10 लाख में प्रश्न हल करा देने का सौदा-6 वॉकी-टॉकी सहित कॉलेज संचालक व उसके भाई सहित चार दबोचे

6 लाख की चप्पल से नकल की साजिश-5 गिरफ्तार, 10 लाख में प्रश्न हल करा देने का सौदा-6 वॉकी-टॉकी सहित कॉलेज संचालक व उसके भाई सहित चार दबोचे

एनसीआई@जयपुर/अजमेर/नागौर/अलवर

राज्यभर में आज हुई देश की सबसे बड़ी परीक्षा REET 2021 में नकल रोकने के लिए राज्य सरकार की ओर से किए गए तमाम इंतजामों के बावजूद कई परीक्षा केन्द्रों पर बिलकुल नए हाईटेक तरीके से नकल करने सहित अन्य गम्भीर धांधलियों के मामले और आरोप सामने आए हैं। इनमें कमसे कम एक दर्जन आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका था। गिरफ्तार आरोपियों में एक कॉलेज का संचालक व उसका भाई भी शामिल है।

प्रदेशभर से सामने आए ऐसे मामलों में एक प्रमुख मामला नागौर के सोफिया कॉलेज का है।‌ यहां 6 वॉकी-टॉकी जब्त किए गए हैं। कॉलेज के संचालक जावेद अख्तर व उसके भाई खालिद सहित चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है। कॉलेज संचालक ने दस लाख रुपए में 140 प्रश्न हल करवाने का सौदा किया था।

इसके अलावा अजमेर के किशनगढ़ में श्री धर्मसागर स्कूल में चप्पल में लगी डिवाइस (सिम) व कान में ब्लूटूथ लगा होने के कारण अभ्यर्थी गणेशाराम को गिरफ्तार किया गया है। उसने यह विशेष चप्पल बीकानेर के चाणक्य कोचिंग सेंटर से 6 लाख रुपए में खरीदने की बात कही है। बीकानेर से मिले इनपुट के आधार पर ही यह कार्रवाई की गई।

बीकानेर में भी ऐसी ही चप्पल से नकल करने के प्रयास में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। ये तीनों चूरू के राजदेसल के निवासी बताए गए हैं।

सीकर के नीम का थाना स्थित गंगा बाल निकेतन स्कूल में उदाराम नामक अभ्यर्थी भी हाईटेक चप्पल से नकल करने के प्रयास में पकड़ा गया।

इन मामलों के अलावा अलवर जिले के नीमराणा व हरियाणा सीमा पर स्थित माण्डन गांव के केन्द्रों पर पेपर लीक के आरोपों के बाद भारी हंगामा हो गया। माण्डन गांव के कमलादेवी कॉलेज में तो सुबह 10 बजे परीक्षा शुरू होने का समय निर्धारित होने के बावजूद आधे घंटे देरी से पेपर मिलने से ही अभ्यर्थियों को गड़बड़ी की आशंका होने लगी थी। इसके बाद भी जो स्थितियां बनी उससे इन्हें बड़ी धांधली किए जाने का पूरा विश्वास हो गया। इसके बाद वे अपनी शीट लेकर बाहर निकल आए और परिजनों के साथ मिलकर हंगामा करते हुए पेपर निरस्त करने की मांग को लेकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। साढ़े ग्यारह बजे ही परीक्षा कक्ष से बाहर आ गए थे, जबकि यह परीक्षा साढ़े बारह बजे तक चलनी थी। यहां सीसीटीवी सर्विलांस को भी वायर निकाल कर बाधित करने का मामला भी सामने आया। उल्लेखनीय है कि यह इलाका हरियाणा के इंटरनेट नेटवर्क की रेंज में आता है। नीमराणा में भी ऐसे ही हालात पैदा हो गए। प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे।

जैसलमेर के गवर्नमेंट कॉलेज में अपने भाई विक्रम विश्नोई की जगह परीक्षा देने आए मनोहर विश्नोई को गिरफ्तार कर लिया।

अजमेर के सेंट्रल गर्ल्स स्कूल में भी अंतिम क्षणों में 2 अभ्यर्थी फर्जीवाड़े के मामले में पकड़े गए।

उल्लेखनीय है कि REET परीक्षा दो पारियों में हुई। पहली पारी सुबह 10 बजे से 12.30 तथा दूसरी पारी 2.30 बजे से 5 बजे तक थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.