ट्रेन में लूटपाट के बाद सामूहिक दुष्कर्म, चार आरोपी गिरफ्तार, बाकी फरार
एनसीआई@मुम्बई
लखनऊ से मुम्बई आ रही पुष्पक एक्सप्रेस में शुक्रवार रात लुटेरों ने लूटपाट के बाद एक 20 वर्षीय युवती से सामूहिक बलात्कार किया। कल्याण रेलवे पुलिस (जीआरपी) ने इस सनसनीखेज वारदात को अंजाम देने के चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि चार अन्य फरार हैं। इनकी तलाश जारी है।
मुम्बई के रेल पुलिस कमिश्नर कैसर खालिद के अनुसार लखनऊ से मुम्बई आ रही पुष्पक एक्सप्रेस में शुक्रवार रात करीब 8 बजे इगतपुरी में सात से आठ लुटेरे ट्रेन में घुस गए। इन लुटेरों ने पहले 15-20 यात्रियों को लूटा। इन्होंने यात्रियों से नकदी सहित कीमती सामान छीन लिए। अचानक हुई इस वारदात से यात्रियों में दहशत फैल गई। यात्रियों को लूटने के बाद लुटेरों ने चलती ट्रेन में एक 20 वर्षीय महिला से सामूहिक बलात्कार किया। यह महिला अपने पति के साथ यात्रा कर रही थी।
मुम्बई जीआरपी की तरफ से दी गई जानकारी के अनुसार, कल्याण रेलवे पुलिस स्टेशन में इस वारदात के सम्बन्ध में रिपोर्ट दर्ज की गई है। रेलवे पुलिस ने बताया कि आरोपी लखनऊ- मुम्बई पुष्पक एक्सप्रेस में औरंगाबाद रेलवे डिस्ट्रिक्ट में आने वाले इगतपुरी से स्लिपर बोगी के कोच नम्बर डी-2 में सवार हुए थे। रेलवे पुलिस ने इस मामले में IPC की धारा 395, 397, 376(D), 354, 354(B) के तहत और भारतीय रेलवे एक्ट 37 व 153 के तहत मामला दर्ज किया है।
जीआरपी ने बताया कि जब ट्रेन घाट इलाके से गुजर रही थी, तब बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया। जीआरपी की तरफ से आगे बताया गया कि ट्रेन के कसारा पहुंचने के बाद यात्रियों ने मदद की गुहार लगाई। रेलवे पुलिस ने इस पर एक्शन लेते हुए अब तक चार बदमाशों को दबोच लिया। इसकी जांच डीसीपी और क्राइम ब्रांच की टीम कर रही है। पुलिस ने गिरफ्तार किए गए लुटेरों से लूटे गए 96,390 रुपए व मोबाइल फोन में से अधिकतर मोबाइल फोन व 34,200 रुपए बरामद कर लिए हैं।
