कोटा में आयोजित 65 वीं राज्य स्तरीय लॉन टेनिस प्रतियोगिता में बड़ी धांधली की शिकायत
एनसीआई@कोटा
कोटा में आयोजित हो रही 65 वीं राज्य स्तरीय लॉन टेनिस प्रतियोगिता (14 आयु वर्ग) में एक बड़ी धांधली की शिकायत सामने आई है। इसके अनुसार जयपुर टीम के दो खिलाड़ी इसमें खेलने के योग्य नहीं हैं। उन्होंने कल व आज सुबह जयपुर में आयोजित एक अन्य प्रतियोगिता में भाग लिया था। इसलिए उन्होंने नियमानुसार कोटा में कल शाम 5:00 बजे के पहले रिपोर्टिंग नहीं की थी, अपितु वे आज दोपहर को यहां पहुंचे।
इस प्रतियोगिता में भाग लेने आई जोधपुर टीम की दलाधिपति एवं प्रभारी प्रवीणा गहलोत तथा हनुमानगढ़ टीम के प्रभारी व प्रशिक्षक मयंक कुमार ने प्रतियोगिता के संयोजक को यह शिकायत दी है। इसमें कहा गया है कि जयपुर के नामजद खिलाड़ी धनंजय टिबरेवाल व दर्श पाबूवाल ने कल अर्थात 1 दिसम्बर को व आज 2 दिसम्बर को भी सुबह जयपुर में आयोजित ऑल इंडिया टेनिस एसोसिएशन की प्रतियोगिताओं में भाग लिया था। ये दोनों जयपुर जिले की राज्य स्तरीय लॉन टेनिस प्रतियोगिता में नामित खिलाड़ी हैं। अगर उन्हें कोटा में आयोजित प्रतियोगिता में भाग लेना था तो उन्हें कल शाम 5:00 बजे के पहले इसमें रिपोर्टिंग करनी थी, मगर वे आज दोपहर को यहां मार्च पास्ट खत्म हो जाने के बाद पहुंचे। इस कारण इन दोनों खिलाड़ियों को यहां अयोग्य घोषित किया जाना चाहिए।
newschakraindia.com ने इस सम्बंध में प्रतियोगिता संयोजक एवं जिला शिक्षा अधिकारी (प्रारम्भिक) कोटा कृष्ण कुमार शर्मा ने इस मामले में कहा है कि वे शिकायत की जांच करवा रहे हैं। उसके बाद ही कुछ कह पाएंगे।
