रोटरी क्लब का पांच दिवसीय निःशुल्क दिव्यांग सहायता उपकरण वितरण शिविर 23 फरवरी से, दस हजार दिव्यांगजन होंगे लाभान्वित
एनसीआई@कोटा
रोटरी क्लब कोटा के तत्वावधान में 23 से 27 फरवरी तक शॉपिंग सेंटर स्थित रोटरी बिनानी सभागार में सुबह 9 से शाम 5 बजे तक विशाल निःशुल्क दिव्यांग सहायता उपकरण वितरण शिविर का आयोजन किया जाएगा।
क्लब अध्यक्ष सुरेश अग्रवाल ने बताया कि संबल-2 शिविर में श्री भगवान महावीर विकलांग सहायता समिति जयपुर एवं भारत सेवा संस्थान के सहयोग से दिव्यांगजनों को उपकरण वितरित किए जाएंगे।
शिविर सह संयोजक मुकेश व्यास ने बताया कि क्लब द्वारा दिव्यांगजनों को उनकी आवश्यकतानुरूप कृत्रिम हाथ, कृत्रिम पैर, जयपुर फुट, कैलिपर्स, बैसाखी, व्हीलचेयर, सुुनने की मशीन व ट्राइसाइकिल का वितरण किया जाएगा।
क्लब सचिव नितिन अग्रवाल ने बताया कि शिविर में प्रतिदिन दिव्यांगों और उनके सहयोग के लिए आने वाले परिजनों के भोजन तथा ठहरने की व्यवस्था की जाएगी। वहीं दूरदराज से आने वालों के लिए यथासम्भव परिवहन के साधन भी उपलब्ध रहेंगे।
मीडिया कोऑर्डिनेटर संजय गोयल ने बताया कि शिविर के पुरजोर प्रचार-प्रसार के लिए रोटरी क्लब कोटा के दो सम्बल रथ 1 जनवरी को लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला द्वारा रवाना किए गए थे ये दोनों सम्बल रथ हाड़ौतीभर के गांव-ढाणियों में जाकर ग्रामीणों व मेडिकल स्टोर्स के माध्यम से शिविर की जानकारी प्रचारित कर रहे हैं, ताकि हर जरूरतमंद दिव्यांग को इसका लाभ मिल सके।
इस तरह उठाएं लाभ
कार्यक्रम संयोजक अनुपम शर्मा ने बताया कि कोई भी दिव्यांग इस शिविर का लाभ निःशुल्क ले सकता है। इसके लिए एक फार्म भरकर आधार कार्ड के साथ दिए हुए नम्बर पर वाट्सअप करना है। टीम द्वारा रजिस्ट्रेशन करके जानकारी प्रदान कर दी जाएगी। अब तक क्लब को 928 रजिस्ट्रेशन प्राप्त हो चुके हैं। सह संयोजक मुकेश व्यास ने बताया कि रजिस्ट्रेशन अभी भी चालू है। जरूरतमंद व्यक्ति फोन करके अथवा बिनानी सभागार में आकर रजिस्ट्रेशन करवा सकते हैं। रजिस्ट्रेशन मोबाइल नम्बर 9414059593 या 8279039291 पर वॉट्सएप पर फोटो भेजकर भी करा सकते हैं। आगामी अध्यक्ष वैशाली भार्गव तथा कोषाध्यक्ष अभिषेक मित्तल ने बताया कि शिविर के दौरान कोविड गाइड लाइन का पालन किया जाएगा। शिविर को सफल बनाने के लिए 100 सदस्यों की समिति गठित की गई है।
