April 20, 2026

News Chakra India

Never Compromise

हिस्ट्रीशीटर देवा गुर्जर की हत्या के बाद समर्थकों का बवाल, रोडवेज की बस जलाई, सवारियों व स्टाफ से भी मारपीट, मोर्चरी में रात भर डटी रही भीड़

हिस्ट्रीशीटर देवा गुर्जर की हत्या के बाद समर्थकों का बवाल, रोडवेज की बस जलाई, सवारियों व स्टाफ से भी मारपीट, मोर्चरी में रात भर डटी रही भीड़

15-20 हथियारबंद हमलावर पहुंचे और अचानक देवा गुर्जर पर टूट पड़े। लाठी-डंडों, फरसा, रॉड से  मारने के बाद उस पर गोलियां बरसाईं और फिर फरार हो गए।

एनसीआई@कोटा/ रावतभाटा

रावतभाटा क्षेत्र में एक हिस्ट्रीशीटर देवा गुर्जर की कल शाम हथियारबंद बदमाशों ने हत्या कर दी। इस हत्याकांड से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। हत्या के बाद देवा गुर्जर के शव को कोटा की मोर्चरी में ही रखा गया है। मोर्चरी पर रातभर भारी भीड़ जमा रही। हत्यारों की गिरफ्तारी की मांग कर रही भीड़ में गुर्जर समाज के लोगों में काफी आक्रोश है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजन को सौंप दिया जाएगा। वहीं,  गैंगवार में हिस्ट्रीशीटर डॉन देवा गुर्जर की हत्या के बाद भीड़ ने जमकर बवाल किया। मंगलवार को बोराबास (कोटा) और कोटा अस्पताल में मोर्चरी के बाहर उसके समर्थकों ने हंगामा शुरू कर दिया। पुलिस पर पत्थरबाजी की। इस पर पुलिस ने भी लाठियां चलाकर लोगों को खदेड़ा। वहीं, बोराबास में सुबह प्रदर्शन कर रहे लोगों ने रोडवेज की बस में आग लगा दी।



जाम लगाकर बस में लगाई आग

सोमवार शाम को देवा गुर्जर की मौत की खबर फैलते ही उसके समर्थकों का जुटना शुरू हो गया था। मंगलवार सुबह आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर समर्थकों ने कोटा-रावतभाटा मार्ग पर पहले तो जाम लगा दिया। इसके बाद वहां से निकल रही रोडवेज बस में समर्थकों ने आग लगा दी। बताया जा रहा है कि प्रदर्शनकारियों ने बस के स्टाफ व कुछ सवारियों से भी मारपीट की। सूचना पर पुलिस का जाप्ता और नगर निगम की दमकल मौके पर पहुंची। निगम की दमकलों ने आग पर काबू पाया। वहीं, जाम लगने से कोटा से रावतभाटा जाने वाले व रावतभाटा से कोटा आने वाले यात्रियों को परेशानी हुई।

देवा गुर्जर (फाइल फोटो)



सोमवार शाम को रावतभाटा में कोटा बैरियर गणेश मंदिर के पास सैलून में करीब डेढ़ दर्जन हथियार बंद लोग पहुंचे और वहां मौजूद देवा गुर्जर को मौत के घाट उतार दिया। इस पर गोलियां बरसाने से पहले हथियारबंद लोगों ने लाठी-गड़ासे, फरसे और रॉड से बुरी तरह पिटाई की। वारदात को अंजाम देने के बाद हत्यारे फरार हो गए। उधर, बुरी तरह घायल देवा गुर्जर को लोगों ने  अस्पताल पहुंचाया। वहां से उसे कोटा के एक निजी अस्पताल में रेफर कर दिया गया, लेकिन उसे बचाया नहीं जा सका।



क्षेत्र में तूती बोलती थी देवा गुर्जर की

रावतभाटा क्षेत्र का हिस्ट्रीशीटर देवा गुर्जर दहशत का दूसरा नाम था। क्षेत्र में कोटा बैरियर गणेश मंदिर के पास सोमवार शाम को एक सैलून में वह अपने चार-पांच साथियों के साथ बैठा था। उसी दौरान जीप व कई बाइक्स पर सवार होकर 15-20 हथियारबंद लोग अचानक वहां पहुंचे। इन्हें देख अभी देवा गुर्जर कुछ समझता कि उस पर लाठी-डंडे, फरसे और रॉड से इन लोगों ने हमला कर दिया। बुरी तरह से मारने के बाद खून से लथपथ देवा गुर्जर पर हमलावरों ने गोलियां भी बरसाईं। इसके बाद वह फरार हो गए।

वारदात की कहानी, प्रत्यक्षदर्शियों की जुबानी

इस हत्याकांड के प्रत्यक्षदर्शी सैलून संचालक बबलू ने बताया कि हमलावर गाड़ियों में पिस्टल लहराते हुए आए थे। उन्होंने आते ही कहा कि कोई भी बीच में नहीं आएगा। अभी देवा कुछ समझता कि इसके पहले ही आरोपियों ने उसे गिराकर हमला शुरू कर दिया।



रावतभाटा में पुलिस फोर्स तैनात

कोटा बैरियर क्षेत्र में देवा गुर्जर की हत्या के बाद लोगों में दहशत का माहौल है। इस हत्याकांड की सूचना के बाद शाम को हजारों की संख्या में उसके समर्थक मौके पर एकत्र हो गए। वहीं, मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। सीआई राजाराम गुर्जर ने बताया कि पुलिस रावतभाटा क्षेत्र में दुकानों के सीसीटीवी कैमरे खंगाल रही है, ताकि हमलावरों के सुराग लग सके।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.