राज्यमंत्री चांदना ने सलावलिया व ढांढूण गांवों के कार्यक्रमों में की शिरकत, क्रमोन्नत विद्यालय का उद्घाटन किया
एनसीआई@बूंदी
खेल एवं युवा मामले व सूचना एवं जनसम्पर्क राज्यमंत्री अशोक चांदना ने कहा कि शिक्षा से ही समाज का विकास सम्भव है। राज्य सरकार शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर व्यवस्थाएं कर बच्चों का भविष्य मजबूत करने के लिए कृत संकल्पित है। चांदना रविवार को सलावलिया गांव में आयोजित कार्यक्रम में ग्रामीणों को सम्बोधित कर रहे थे।

चांदना ने कहा कि हिण्डोली-नैनवां क्षेत्र में छात्र-छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य के लिए एग्रीकल्चर कॉलेज, नर्सिंग कॉलेज, मेेडिकल कॉलेज, राजकीय महाविद्यालय खोलकर उनकी नींव मजबूत की जा रही है। वर्तमान में हर जाति वर्ग के लिए आरक्षण की सुविधा मिल रही है, ऐसे में शिक्षा के जरिए ही इसका लाभ उठाया जा सकता है।
चांदना ने कहा कि हिण्डोली-नैनवां के किसानों की पीड़ा का समाधान करने के लिए 100 करोड़ की लागत के विद्युत सम्बन्धी कार्य करवाए गए हैं। इन कार्यों के फलस्वरूप आज किसानों को फसल के लिए सर्दी के मौसम में भी दिन में बिजली मिल रही है। जल्द ही इस क्षेत्र में और कार्य करवाए जाकर किसानों को अधिक राहत दी जाएगी।
राज्य मंत्री चांदना ने कहा कि एक हजार करोड़ की चम्बल पेयजल परियोजना से क्षेत्रवासियों के पेयजल की समस्या का स्थाई समाधान कर दिया गया है।परियोजना का कार्य प्रगति पर है। इसके अलावा क्षेत्र में बेहतर उपचार की सुविधा के लिए मेडिकल कॉलेज बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने पुरानी पेंशन योजना बहाल कर सरकारी सेवा में जाने वाले युवाओं का भविष्य सुरक्षित कर दिया है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के पिछड़ेपन को दूर करने के लिए संकल्पित होकर कार्य किया जा रहा है। विकास कार्याें में कोई कमी नहीं रखी जाएगी।
खेल राज्यमंत्री ने इस दौरान सुवालिया के ग्रामीणों की मांग पर स्कूल क्रमोन्नत करने तथा क्षतिग्रस्त एनीकट की मरम्मत करवाने की घोषणा की। साथ ही खेल मैदान के समतलीकरण व मैदान से अतिक्रमण हटवाने का भरोसा भी दिलाया। इस दौरान राज्यमंत्री ने प्रतिभावान छात्राओं का सम्मान भी किया। इससे पहले सूचना एवं जन सम्पर्क राज्यमंत्री ने सुवालिया गांव में दिवगंत बिहारी लाल गुर्जर के घर पहुंचकर परिजनों को ढांढस बंधवाया।
ढांढूण (मोडसा) में क्रमोन्नत विद्यालय का किया उद्घाटन

खेल एवं युवा मामले व सूचना एवं जन सम्पर्क राज्यमंत्री अशोक चांदना ने ढांढूण गांव में राजकीय माध्यमिक विद्यालय से राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में क्रमोन्नत विद्यालय का उद्घाटन भी किया। इस दौरान चांदना ने स्कूल में चार कक्षा कक्षों के निर्माण के लिए 10 लाख रुपए तथा ग्रामीणों की मांग पर ढांढूण से गलिया कुआं तक पक्की सड़क बनाने की घोषणा भी की।
